Governmentछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में खाली पदों पर जल्द होगी भर्ती, मुख्य सचिव ने दिए बड़े निर्देश

रायपुर, 11 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक ली। बैठक में विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, लंबित मामलों और महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के सभी प्रकरणों का निपटारा उनकी सेवानिवृत्ति से पहले ही सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी विभागों को सेवानिवृत्ति प्रकरणों की विभागवार नियतकालिक सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

रिक्त और बैकलॉग पदों पर जल्द भर्ती

बैठक में विभागों में खाली पदों और बैकलॉग के पदों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को सेटअप तैयार कर रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंच सके।

728 सेवाएं लोक सेवा गारंटी के तहत अधिसूचित

बैठक में लोक सेवा गारंटी अधिनियम, सूचना का अधिकार, सेवा सेतु, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, डी-रेगुलेशन और ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अब तक करीब 728 सेवाएं अधिसूचित की जा चुकी हैं।

कर्मचारियों के लिए iGOT प्रशिक्षण अनिवार्य

मुख्य सचिव ने अधिकारियों और कर्मचारियों को iGOT Karmayogi प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभागीय जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी के लिए हर महीने 1 से 3 प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरा करना अनिवार्य किया गया है।

‘रिफॉर्म उत्सव’ अभियान की तैयारी

बैठक में मुख्य सचिव ने सभी विभागों से उनके द्वारा किए गए रिफॉर्म और सुधारों की जानकारी तैयार करने को कहा। इन सुधारों को आगामी रिफॉर्म उत्सव अभियान में प्रदर्शित किया जाएगा।

युवाओं का MY Bharat पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन

मुख्य सचिव ने राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का मेरा युवा भारत (MY Bharat) पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। इसके लिए जिला समन्वयकों और प्राचार्यों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने को कहा गया है।

बैठक में विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button