छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंदेश-दुनियाराजनीतिकवायरल खबरें

मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर सीएम विष्णुदेव साय का पलटवार, बोले- कांग्रेस सार्वजनिक रूप से देश से मांगे माफी

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सीएम साय ने खरगे की टिप्पणी को घृणित, अमर्यादित और शर्मनाक बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध की आड़ में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच और वैचारिक दिवालियेपन को उजागर करता है।

पटना में खरगे के बयान पर सियासी विवाद

दरअसल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना के बापू सभागार में एक सभा को संबोधित करते हुए केंद्र और विभिन्न राज्यों की सरकारों पर वोट चोरी के आरोप लगाए। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर उनकी एक टिप्पणी के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। बयान को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

सीएम साय ने सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को निशाना बनाकर की गई टिप्पणी घोर निंदनीय और शर्मनाक है। प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते उनके दिवंगत पिता पर टिप्पणी करना कांग्रेस की गिरती राजनीतिक सोच को दर्शाता है।

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति राजनीतिक द्वेष में कांग्रेस किस स्तर तक उतर रही है, इसे पूरा देश देख रहा है। जनता ऐसी ओछी राजनीति को भली-भांति पहचान चुकी है।

‘जनता लोकतांत्रिक अधिकार से देगी जवाब’

मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि जब-जब कांग्रेस ने इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, तब-तब जनता ने उसे जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि जनता ऐसी राजनीति को न भूलेगी और न स्वीकार करेगी। समय आने पर लोग अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के माध्यम से इसका जवाब देंगे।

खरगे से सार्वजनिक माफी की मांग

सीएम विष्णुदेव साय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर अभद्र टिप्पणियां करना संस्कारहीन राजनीति का प्रमाण है। इस बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button