छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंप्रशासनिक

छत्तीसगढ़ में स्मृति ईरानी का सादगीपूर्ण स्वागत, मिशन 2028-29 की तैयारी में जुटी भाजपा

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी रविवार को दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचीं। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत सादगीपूर्ण ढंग से किया गया। पार्टी संगठन की ओर से नामित 16 पदाधिकारियों और विधायकों ने उनकी अगवानी की। इस दौरान न ढोल-ताशे बजाए गए और न ही किसी मंत्री को आमंत्रित किया गया। स्वागत के लिए प्रस्तावित भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की बाइक रैली भी स्थगित कर दी गई।

एयरपोर्ट से स्मृति ईरानी सीधे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचीं। यहां भी उनका स्वागत सादगीपूर्ण माहौल में हुआ। प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी उनके साथ पहुंचे। प्रदेश कार्यालय पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी के निर्देश पर परिसर के भीतर तैनात पुलिस सुरक्षा को बाहर कर दिया गया। इस दौरान भाजपा नेता पुलिसकर्मियों को बाहर जाने की बात समझाते नजर आए।

महिला कार्यकर्ता को प्यार से सेल्फी लेने से रोका

भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक महिला कार्यकर्ता स्मृति ईरानी के साथ सेल्फी लेना चाह रही थी। इस दौरान स्मृति ईरानी ने आत्मीयता से उसके सिर पर हाथ रखा और प्यार से सेल्फी लेने से मना कर दिया। यह घटनाक्रम कार्यालय परिसर में चर्चा का विषय रहा।

‘मन की बात’ से बैठकों का आगाज

स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे के पहले दिन संगठनात्मक बैठकों की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के श्रवण से हुई। इसके बाद प्रदेश भाजपा संगठन के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न बैठकों में संगठन की गतिविधियों और आगामी रणनीति पर चर्चा निर्धारित की गई।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, दौरे से पहले स्मृति ईरानी ने मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारियों से इंटरनेट मीडिया पर व्यक्तिगत प्रचार के बजाय केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देने को कहा है।

आईटी सेल रखेगा नेताओं की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर

भाजपा का आईटी सेल वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की इंटरनेट मीडिया गतिविधियों पर नजर रखेगा। उनके सोशल मीडिया हैंडल से साझा की जाने वाली सामग्री और सक्रियता के आधार पर रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा। इस पहल को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के साथ मिशन 2028 और 2029 की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

दौरे के दौरान स्मृति ईरानी और प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भाजपा के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और निगम, आयोग तथा मंडलों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों से संवाद करेंगे।

पहले दिन पूर्व विधायकों और सांसदों से चर्चा

रविवार को सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक होगी।

दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और रणनीतिक बैठक होगी। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे से 2:30 बजे तक संभाग प्रभारी, सह-प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह-प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक निर्धारित है।

दोपहर 3:30 बजे से शाम 5 बजे तक पूर्व विधायकों और सांसदों के साथ चर्चा होगी। शाम 5:30 बजे से 7 बजे तक पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। वहीं, रात 7 बजे से 8:30 बजे तक भाजपा कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की जाएगी।

दूसरे दिन मंत्री और विधायकों के साथ बैठक

सोमवार को दौरे के दूसरे दिन स्मृति ईरानी प्रदेश के भाजपा विधायकों, सांसदों और मंत्रियों के साथ बैठक करेंगी। सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक सभी भाजपा विधायकों के साथ संगठनात्मक चर्चा होगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक पार्टी सांसदों के साथ बैठक होगी।

दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ चर्चा निर्धारित है। दोपहर 3 बजे से शाम 4:30 बजे तक निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक होगी। इसके बाद शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे तक विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों से संवाद किया जाएगा।

स्मृति ईरानी का यह दौरा छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, सरकार की योजनाओं के प्रचार और आगामी चुनावों की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button