जशपुर में झारखंड से अवैध धान परिवहन करते दो पिकअप जब्त, पुलिस को सौंपे गए वाहन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और दूसरे राज्यों से अवैध धान के परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में जशपुर जिले के दुलदुला तहसील क्षेत्र में झारखंड से धान लेकर आ रहे दो पिकअप वाहनों को जब्त किया गया है। परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर प्रशासन ने दोनों वाहनों और उनमें लदे धान को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
रात में हुई कार्रवाई
कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन में चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत 24 अक्टूबर की रात तहसीलदार दुलदुला राहुल कौशिक और खाद्य निरीक्षक संदीप गुप्ता ने कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि दोनों पिकअप वाहनों में झारखंड के कुरडेग से धान लोड कर छत्तीसगढ़ के नारायणपुर चराईमारा ले जाया जा रहा था।
जांच के दौरान धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने दोनों पिकअप वाहनों सहित उनमें लदे धान को जब्त कर थाना दुलदुला के सुपुर्द कर दिया। मामले में आगे की कार्रवाई और प्रकरण तैयार करने के लिए मंडी निरीक्षक को भी सूचित किया गया है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी
दुलदुला तहसील झारखंड की सीमा से लगी हुई है। धान खरीदी के दौरान दूसरे राज्यों से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाए जाने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चला रहा है।
प्रशासन का उद्देश्य अवैध धान परिवहन पर रोक लगाना और समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना है। इसके लिए सीमावर्ती मार्गों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।



