
रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे की खबर सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
CM साय ने कहा- सरकार प्रभावित परिवारों के साथ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हादसे को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के कई नागरिकों, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं, का असामयिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने बताया कि घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए भेजी गई है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय प्रशासन से लगातार समन्वय किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
विजय शर्मा ने भी जताया गहरा दुख
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के भंडारा में नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर हुई दुर्घटना में कवर्धा और राजनांदगांव जिले के तीन मासूम बच्चों सहित 9 लोगों के असामयिक निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने हादसे में 14 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने पर भी चिंता जताई।
विजय शर्मा ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर घटना की जानकारी ली गई। उन्होंने घायलों के उपचार और आवश्यक सहायता के लिए हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
भूपेश बघेल ने भी जताई संवेदना
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी भंडारा सड़क हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने हादसे में 9 लोगों की मौत को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए दिवंगतों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
हादसे में इन लोगों की मौत
जानकारी के अनुसार, भंडारा जिले में सुबह करीब 4 बजे हुए इस भीषण हादसे में चिचोला, खैरागढ़ निवासी गायत्री रूपेश उइके (30), धैर्य रूपेश उइके (4) और सेवती रूपेश उइके (6) की मौत हुई।
वहीं लोहारा, कवर्धा निवासी सरिता विजय वर्मा (28), मीनाक्षी राजकुमार वर्मा (30) और ग्रीसा वर्मा (4) तथा बांधटोला, कवर्धा निवासी गणेशिया अश्वान पटेल (24) ने भी हादसे में जान गंवाई।
मृतकों में भांडेवाड़ी, नागपुर निवासी जाम बाई/रामावतार वर्मा (52) और राजकुमारी/प्रहलाद पटेल (40) भी शामिल हैं।
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और छत्तीसगढ़ सरकार की टीम राहत एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं में जुटी है। घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है।



