छत्तीसगढ़प्रशासनिक

छत्तीसगढ़ के 6 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा AI प्रशिक्षण, CM साय ने बताई सरकार की तैयारी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और सेवा भावना को सही दिशा देकर समाज और राष्ट्र में बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को राजधानी रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले एनएसएस स्वयंसेवकों को सम्मानित किया।

सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं एनएसएस स्वयंसेवक

मुख्यमंत्री साय ने एनएसएस स्वयंसेवकों से प्रदेश में चल रहे सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे अभियानों को जनआंदोलन बनाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि किसी गांव में स्वच्छता के लिए पहल करना, जरूरतमंद के लिए रक्तदान करना, पौधे लगाकर उनकी देखभाल करना या लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना जैसे छोटे प्रयास भी बड़े सामाजिक बदलाव की नींव बन सकते हैं।

युवाओं के लिए रोजगार और शिक्षा के बढ़ रहे अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप शिक्षा, शासकीय सेवा, रोजगार, उद्यमिता, खेल और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अवसर बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में लगभग 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है, जबकि व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक के पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई है।

उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में 430 लैब अटेंडेंट को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए आगामी समय में रोजगार मेलों का आयोजन भी किया जाएगा।

औद्योगिक निवेश से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में निवेश के साथ रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है। उनके अनुसार पिछले डेढ़ वर्षों में छत्तीसगढ़ को 8.25 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने कहा कि नीति में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। एक हजार स्थानीय लोगों को रोजगार देने वाले उद्यमों के लिए विशेष प्रोत्साहन की व्यवस्था की गई है।

2030 तक 5 हजार स्टार्टअप का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नौकरी पाने के साथ-साथ रोजगार देने वाला बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश में 5 हजार स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता, कौशल और नई तकनीकों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

6 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा एआई प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आने वाले समय में शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, कृषि और प्रशासन समेत विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। युवाओं को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

इस मिशन के तहत प्रदेश के 6 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।

नालंदा परिसरों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगा बेहतर माहौल

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में नालंदा परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। वहीं जनजातीय युवाओं के लिए दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता बढ़ाकर 200 सीट की गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार इस बार हॉस्टल के 13 विद्यार्थियों ने यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है।

खेल प्रतिभाओं को भी मिल रहे अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के साथ खेल के क्षेत्र में भी प्रतिभाशाली युवाओं के लिए अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए शासकीय नौकरी का रास्ता साफ किया गया है।

उन्होंने कहा कि मैदान में मेहनत कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की निर्णायक भूमिका

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना पूरा नहीं हो सकता। विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रदेश के युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, परिश्रम, नवाचार और सेवा भावना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक दिशा देने का सशक्त मंच है। एनएसएस के माध्यम से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित होता है।

समारोह में उच्च शिक्षा सचिव अविनाश चम्पावत, आयुक्त रीता यादव सहित राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े अधिकारी, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधि, कार्यक्रम अधिकारी और बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button