पेंशन प्रकरण में लापरवाही पर मुंगेली शिक्षा विभाग के 6 अधिकारी-कर्मचारी निलंबित

रायपुर, 25 सितंबर 2026। मुंगेली जिले में दिवंगत शिक्षक के पेंशन प्रकरण में लापरवाही बरतने के मामले में लोक शिक्षण संचालनालय ने छह अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। लोक शिक्षण संचालक ऋतुराज रघुवंशी ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
मामला शासकीय हाईस्कूल लाखासार में पदस्थ सहायक शिक्षक विज्ञान अंजनी त्रिपाठी से जुड़ा है, जिनका 25 सितंबर 2022 को सेवाकाल के दौरान निधन हो गया था। उनकी मृत्यु के बाद परिवार पेंशन और मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति उपादान से संबंधित प्रकरण की प्रक्रिया में कई अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में पाया गया कि वर्ष 2018 में सहायक शिक्षक एलबी संवर्ग में संविलियन के बाद किए गए वेतन निर्धारण का सक्षम प्राधिकारी से समय पर परीक्षण और अनुमोदन नहीं कराया गया। इसके चलते विलंब से अनुमोदन हुआ और अधिक भुगतान की वसूली की स्थिति निर्मित हुई। इसके अलावा लंबित पेंशन प्रकरण के संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय को गलत जानकारी भेजे जाने का भी उल्लेख आदेश में किया गया है।
इन छह को किया गया निलंबित
- तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य राघवेन्द्र कुमार सोनी
- प्रभारी प्राचार्य रघुनंदन सिंह राजपूत
- सहायक ग्रेड-3 मोतीराम यादव
- सहायक ग्रेड-2 त्रिवेणी ध्रुव
- सहायक ग्रेड-3 अशोक ध्रुव
- जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के पेंशन कक्ष प्रभारी एवं कनिष्ठ लेखा परीक्षक शत्रुघन कुलमित्र
आदेश के अनुसार, संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के दायित्वों के निर्वहन में नियम विरुद्ध कार्य, गंभीर लापरवाही और शासकीय कार्य में विलंब पाया गया है। निलंबन अवधि में सभी का मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर का कार्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।





