खेलछत्तीसगढ़ताज़ा खबरें

हॉकी खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका, छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का चयन ट्रायल 28 सितंबर से

रायपुर, 25 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। लीग में शामिल होने वाली छह टीमों के खिलाड़ियों के चयन के लिए 28 और 29 सितंबर को दो दिवसीय चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। यह ट्रायल रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 में सुबह 9 बजे से होगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने चयन ट्रायल के सुचारू संचालन, आवश्यक समन्वय और तकनीकी सहायता के लिए तीन अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ हॉकी संघ द्वारा निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार किया जाएगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने छत्तीसगढ़ हॉकी संघ को चयन ट्रायल से संबंधित आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने ट्रायल शुरू होने से पहले चयन के मानदंड और प्रक्रिया का लिखित विवरण उपलब्ध कराने तथा पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा करने को कहा है।

चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित छह टीमों की सूची और चयन प्रक्रिया से संबंधित प्रतिवेदन खेल संचालनालय को उपलब्ध कराया जाएगा।

इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

चयन ट्रायल की तकनीकी और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं के लिए खेल अधिकारी दीनू प्रसाद पटेल, रायपुर की वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक रश्मि संध्या एक्का और बिलासपुर के वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक राकेश टोप्पो को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होगी लीग

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसमें राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें मैदान में उतरेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं।

इन सभी टीमों के खिलाड़ियों के चयन के लिए 28 और 29 सितंबर को रायपुर में ट्रायल आयोजित किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button