खेलछत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंदेश-दुनिया

संजू देवी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकाया छत्तीसगढ़ का नाम, CM साय बोले- युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा

रायपुर, 26 सितंबर 2026। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की रहने वाली संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।

युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनीं संजू देवी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की सफलता देश के लिए गर्व का विषय है। इस जीत में छत्तीसगढ़ की बेटी की भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि संजू देवी की उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

खेल प्रतिभाओं को अवसर देने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित मंच मिले और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करें।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button