Jhanki News: रायपुर में आज गणेश विसर्जन झांकी, शराब दुकानें शाम 4 बजे से रहेंगी बंद

रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन की पारंपरिक झांकी आज रात 9 बजे शारदा चौक से शुरू होगी। झांकी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के बाद यह पहली गणेश विसर्जन झांकी होगी।
झांकी रूट के अलावा शहर की अन्य प्रमुख सड़कों पर भी पुलिस पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात रहेंगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पार्किंग और यातायात नियंत्रण के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं।
शाम 6 बजे से बदलेगा ट्रैफिक
प्रशासन सुबह से ही झांकी रूट पर बैरिकेडिंग की तैयारी में जुटा है। शाम 6 बजे से पारंपरिक झांकी रूट से जुड़ी सड़कों पर बैरिकेडिंग कर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा। वहीं रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
2000 जवानों की तैनाती, ड्रोन से निगरानी
झांकी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को तीन लेयर में बांटा गया है। करीब 2000 पुलिस जवानों की तैनाती की जा रही है। ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी शाम 5 बजे से शुरू होगी। झांकी मार्ग पर कई वॉच टावर बनाए गए हैं और ड्रोन के जरिए निगरानी एवं वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी।
किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के लिए एसीसीयू क्राइम ब्रांच की 20 टीमें भी तैनात रहेंगी।
शराब दुकानें और बार रहेंगे बंद
झांकी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर नगर निगम क्षेत्र के अलावा बिरगांव, उरला, सिलतरा और डूंडा की देशी-विदेशी शराब दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के तहत शाम 4 बजे से दुकानों को सील किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य नशे में हुल्लड़बाजी और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखना है।
6 जोन और 30 सेक्टर में बांटा गया झांकी रूट
झांकी रात 9 बजे शारदा चौक से प्रारंभ होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकालीतालाब रोड, पुरानीबस्ती, लाखेनगर और सुंदरनगर होते हुए रायपुरा महादेवघाट की ओर जाएगी।
सुरक्षा के लिए पूरे रूट को 6 जोन और 30 सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में डीसीपी के नेतृत्व में एडिशनल डीसीपी स्तर के अधिकारी प्रभारी रहेंगे। सेक्टरवार भी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
सदरबाजार में साउंड सिस्टम पर रहेगी निगरानी
नगर निगम ने सदरबाजार क्षेत्र में निरीक्षण कर 10 जर्जर मकानों को नोटिस देकर सील किया है। पुलिस की तैनाती यह सुनिश्चित करने के लिए भी रहेगी कि लोग इन मकानों की छतों पर चढ़कर झांकी न देखें।
सदरबाजार में साउंड सिस्टम कम आवाज में बजाने के निर्देश हैं। ध्वनि स्तर की निगरानी के लिए मशीन लगाई जाएगी। 50 डेसिबल से अधिक ध्वनि पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
श्रद्धालुओं के लिए यहां होगी पार्किंग
- तेलीबांधा, पंडरी और राजातालाब क्षेत्र से आने वाले श्रद्धालु — शहीद स्मारक भवन के पास
- कटोरा तालाब और टिकरापारा क्षेत्र से आने वाले — गांधी मैदान के पास
- मठपारा और पुरानी बस्ती क्षेत्र से आने वाले — इंडोर स्टेडियम के पास
- विवेकानंद आश्रम, लाखेनगर, समता कॉलोनी और चौबे कॉलोनी क्षेत्र से आने वाले — ईदगाह भाठा मैदान और नवीन मार्केट
इन रास्तों से जारी रहेगा आवागमन
ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान कुछ वैकल्पिक मार्गों से यातायात जारी रहेगा। तेलीबांधा-शास्त्री चौक से जीई रोड होते हुए टाटीबंध जाने वाले वाहन शास्त्री चौक से कालीबाड़ी, पचपेढ़ी नाका और रिंग रोड-1 होकर जा सकेंगे।
वहीं फाफाडीह चौक से स्टेशन रोड, चौबे कॉलोनी और समता कॉलोनी होते हुए आवागमन किया जा सकेगा। खमतराई-फाफाडीह की ओर आने-जाने वाले वाहन चालक रिंग रोड-2 का उपयोग कर सकेंगे।
इसके अलावा धमतरी रोड और पचपेढ़ी नाका से रेलवे स्टेशन या मेकाहारा जाने वाले वाहन कालीबाड़ी चौक, शास्त्री चौक और मरही माता चौक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें।



