छत्तीसगढ़ताज़ा खबरें

बालिका छात्रावासों में लगा विधिक जागरूकता शिविर, छात्राओं को POCSO और साइबर सुरक्षा की जानकारी

रायपुर, 28 सितंबर 2026। बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सूरजपुर के दो पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावासों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। शासकीय आदर्श आदिवासी पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावास और शासकीय अन्य पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालिका छात्रावास में आयोजित शिविरों में छात्राओं को POCSO अधिनियम, साइबर सुरक्षा और निःशुल्क विधिक सहायता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

शिविर का आयोजन प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सूरजपुर के अध्यक्ष थॉमस एक्का के मार्गदर्शन तथा प्राधिकरण की सचिव पायल टोपनो के नेतृत्व में किया गया। व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी अंजली पाण्डेय ने छात्राओं को सरल भाषा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों और POCSO अधिनियम के तहत बच्चों को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा के बारे में विस्तार से बताया।

शोषण या अपराध की स्थिति में चुप न रहें

अंजली पाण्डेय ने POCSO मामलों की गंभीरता और फास्ट ट्रैक कोर्ट की भूमिका की जानकारी देते हुए छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध की स्थिति में चुप न रहें और समय पर सहायता लें। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

फर्जी लिंक और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग से रहें सतर्क

शिविर में सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के सुरक्षित उपयोग पर भी चर्चा की गई। छात्राओं को फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल ब्लैकमेलिंग और अन्य साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए। उन्हें सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने तथा संदिग्ध गतिविधियों की स्थिति में समय रहते सहायता लेने की सलाह दी गई।

इसके अलावा छात्राओं को यातायात नियमों, मोटर वाहन से संबंधित वैध दस्तावेजों तथा सड़क दुर्घटना के बाद उपलब्ध विधिक सहायता और मुआवजा प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई।

निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए 15100 की जानकारी

छात्राओं को नालसा की शिक्षा एवं पीड़ित सहायता योजनाओं के साथ-साथ निःशुल्क विधिक सहायता के टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में भी बताया गया। उन्हें समझाया गया कि जरूरत पड़ने पर आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना उपलब्ध कानूनी सहायता सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और छात्रावास अधीक्षिकाओं ने POCSO, साइबर अपराध, सोशल मीडिया और विधिक सहायता से जुड़े सवाल पूछे। न्यायाधीश अंजली पाण्डेय ने उनके प्रश्नों के उत्तर देकर जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षिका पूजा गुप्ता, अनातासिया एक्का तथा पैरा लीगल वालंटियर सत्य नारायण और उमेश कुमार रजवाड़े उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button