साय सरकार की कैबिनेट बैठक आज, किसानों से कर्मचारियों तक इन वर्गों से जुड़े फैसलों की उम्मीद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज 30 सितंबर 2026 को नवा रायपुर स्थित मंत्रालय, महानदी भवन में मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक सुबह 11:30 बजे शुरू हुई। इसमें राज्य सरकार के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में आगामी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 को लेकर धान और मक्का उपार्जन नीति पर महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही कस्टम मिलिंग से जुड़े प्रस्ताव भी कैबिनेट के सामने रखे जा सकते हैं।
CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति पर नजर
बैठक में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) के नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा युवाओं के लिए रोजगार और नई भर्तियों से संबंधित प्रस्तावों पर भी कैबिनेट विचार कर सकती है।
कर्मचारियों के DA पर भी हो सकता है फैसला
राज्य के सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते (DA) से जुड़े विषय पर भी बैठक में चर्चा की उम्मीद है। कर्मचारी लंबे समय से इस संबंध में सरकार के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
उद्योग और खनन से जुड़े प्रस्ताव भी एजेंडे में
कैबिनेट बैठक में महिला कल्याण, नई उद्योग नीति और खनन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक प्रस्तावों पर भी विचार होने की संभावना है। हालांकि, अंतिम निर्णय कैबिनेट की बैठक में प्रस्तावों पर चर्चा के बाद ही स्पष्ट होगा।



