Governmentछत्तीसगढ़ताज़ा खबरें

मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बैठक, नवा रायपुर इंडस्ट्रियल पार्क के प्रस्ताव पर बड़ा फैसला

रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भारत औद्योगिक विकास योजना (BHAVYA) के तहत नवा रायपुर अटल नगर में इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस परियोजना को भारत सरकार की मंजूरी के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में स्टेट लेवल कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (CRDA) द्वारा प्रस्तावित औद्योगिक पार्क की परियोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

406.72 एकड़ में प्रस्तावित है औद्योगिक पार्क

CRDA के प्रस्ताव के अनुसार, इंटीग्रेटेड मल्टी-सेक्टर इंडस्ट्रियल पार्क का विकास नवा रायपुर अटल नगर, जिला रायपुर में किया जाना प्रस्तावित है। यह पार्क करीब 406.72 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। यहां विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना और सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

DPR, मास्टर प्लान और वित्तीय व्यवस्था पर चर्चा

स्टेट लेवल कमेटी की बैठक में परियोजना की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR), मास्टर प्लान, भूमि की उपलब्धता, आवश्यक अधोसंरचना, परियोजना लागत और वित्तीय व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही BHAVYA योजना की संचालन गाइडलाइन के अनुरूप परियोजना को आगे बढ़ाने के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई।

DPIIT के समक्ष भेजा जाएगा प्रस्ताव

बैठक में परियोजना प्रस्ताव को भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के माध्यम से प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया। स्टेट लेवल कमेटी ने प्रस्ताव को केंद्र सरकार के समक्ष भेजने के लिए अनुमोदित कर दिया है।

अब CRDA निर्धारित प्रक्रिया के तहत परियोजना का प्रस्ताव DPIIT के समक्ष प्रस्तुत करेगा। भारत सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के अगले चरणों पर कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता, CSIDC के प्रबंध संचालक उमेश कुमार झा, NRDA नवा रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित कलेक्टर रायपुर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button