छत्तीसगढ़ में राजनीतिक प्रकरणों की वापसी पर बड़ा अपडेट, 16 मामलों की हुई समीक्षा

रायपुर, 30 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में राजनीतिक आंदोलनों से जुड़े प्रकरणों की वापसी को लेकर बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में प्रकरण वापसी समिति की अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं गृह तथा जेल मंत्री विजय शर्मा ने की।
बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े और कृषि मंत्री राम विचार नेताम सहित गृह एवं विधि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम मौजूद रहे।
समिति के सामने प्रदेश के विभिन्न जिलों में दर्ज राजनीतिक आंदोलनों से जुड़े 16 प्रकरणों को रखा गया। बैठक में सभी मामलों की प्रकरणवार समीक्षा की गई। इनमें 8 लंबित प्रकरण भी शामिल थे।

समीक्षा के बाद समिति ने 9 प्रकरणों की वापसी की अनुशंसा की, जबकि 2 प्रकरणों को पुनर्विचार के लिए संबंधित जिलों को भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं, कुछ मामलों को राजनीतिक आंदोलनों से संबंधित नहीं पाए जाने पर समिति ने उन्हें अस्वीकृत कर दिया।
बैठक में पूर्व में अनुशंसित और लंबित प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों से इन मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई के संबंध में चर्चा की गई। समिति ने न्यायालयों में लंबित प्रकरणों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अधिकारियों के साथ राजनीतिक प्रकरणों की वापसी से जुड़े मामलों की प्रकरणवार समीक्षा की और सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को नियमानुसार आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।



