पाकरगांव बिजली हादसा: दो श्रमिकों की मौत, CM साय ने परिजनों को 15-15 लाख मुआवजे का किया ऐलान

रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पाकरगांव में बिजली पोल शिफ्टिंग के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में दो श्रमिकों की मौत हो गई। घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतक श्रमिकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उनके निर्देश पर हादसे में जान गंवाने वाले दोनों श्रमिकों के परिजनों को 15-15 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर आवश्यक मदद तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच
मुख्यमंत्री साय ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जांच में हादसे के कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की पड़ताल की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हादसे में प्रथम दृष्टया सामने आई लापरवाही को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर पत्थलगांव विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमृत बेक को निलंबित कर दिया गया है।
श्रमिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्युत संबंधी कार्यों के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं का अनिवार्य रूप से पालन होना चाहिए। श्रमिकों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार्य नहीं है। सुरक्षा मानकों के पालन में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल श्रमिकों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। जिला प्रशासन को घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने को कहा गया है।



