
रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाली भारत महिला और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के बीच टी-20 सीरीज को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीरीज के तहत 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को तीन अंतर्राष्ट्रीय महिला टी-20 मुकाबले खेले जाएंगे।
तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग को विभिन्न विभागों के साथ समन्वय कर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। मैचों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग एवं आयोजक संस्थाओं को भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया।

दर्शकों के लिए ओपन वाई-फाई और ऑनलाइन टिकट
मैच देखने आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी, जिससे ई-टिकट को आसानी से स्कैन कर प्रवेश दिया जा सके। टिकटों का वितरण ऑनलाइन होगा और टिकट पर स्टेडियम का पूरा नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर दर्ज रहेगा।
टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास भी उपलब्ध कराए जाएंगे। स्टेडियम और सभी पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात पर विशेष फोकस
मैचों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के बीच समन्वय रहेगा। यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग करेगा और स्टेडियम में एंबुलेंस तैनात रहेगी।
आपातकालीन इलाज और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग भी निर्धारित किया गया है। आगजनी या अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और आपातकालीन मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बिजली और मोबाइल नेटवर्क की भी व्यवस्था
स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में निर्बाध बिजली व्यवस्था के लिए सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, स्टेडियम परिसर और आसपास मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बीएसएनएल को आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
मैचों के सफल आयोजन के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी भी गठित की गई है। इसमें पुलिस, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हैं।
बैठक में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया, एमडी टूरिज्म सौमिल रंजन चौबे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।



