छत्तीसगढ़प्रशासनिक

‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह में CM साय का संबोधन, बोले- 2047 तक विकसित भारत का संकल्प

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह का आयोजन किया गया। बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्ष, सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को प्रस्तुत किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। करीब 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष से अधिक समय तक देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक गाथा है।

राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर किया काम

CM साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भारत को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम किया है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग को विकास की योजनाओं के केंद्र में रखा गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प देश के सामने रखा है। इसे पूरा करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी के साथ विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए भी सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा।

सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी का आह्वान

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान को 13 अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

बस्तर में शांति और विकास का नया दौर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प के साथ सुरक्षा बलों तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को बड़ी सफलता मिली है। बस्तर में अब परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं।

उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में पहले विकास पहुंचाना मुश्किल था, वहां अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ रही है। बस्तर में शांति, विकास और जनविश्वास का नया दौर शुरू हुआ है। सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर के युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के बेहतर अवसर मिलें।

महतारी वंदन से महिलाओं को आर्थिक मजबूती

CM साय ने कहा कि महिला सशक्तिकरण प्रधानमंत्री मोदी की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के तहत करीब 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं को दी जा चुकी है।

छत्तीसगढ़ में 51 हजार करोड़ की रेल परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना और कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हो रहा है। प्रदेश में रेलवे से जुड़े करीब 51 हजार करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी गति मिलेगी तथा प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ा जा सकेगा।

6,691 जनजातीय गांवों में विकास कार्य

CM साय ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करते हुए उनके क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है। आने वाले समय में जनजातीय अंचल प्रदेश की विकास यात्रा के प्रमुख केंद्र बनेंगे।

निवेश के लिए छत्तीसगढ़ में बढ़ा भरोसा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के प्रति दुनिया में बढ़े विश्वास का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल रहा है। राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति और निवेश-अनुकूल वातावरण के कारण देश-विदेश के निवेशकों में रुचि बढ़ी है।

उन्होंने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां उद्योग जगत के साथ हुई चर्चा में छत्तीसगढ़ को लेकर सकारात्मक रुझान देखने को मिला। 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा में प्रदेश में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी दी बधाई

समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत-2047 का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि हर नागरिक की सहभागिता से जुड़ा राष्ट्रीय संकल्प है।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने भी प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश रक्षा, अर्थव्यवस्था, अधोसंरचना, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है।

कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और आम लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button