छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी खबर, गन्ना खरीदी की नई दर 425 रुपये तय

रायपुर। छत्तीसगढ़ के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गन्ना किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने का फैसला लिया है। खास बात यह है कि पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के अनुसार किया जाएगा। इस निर्णय से प्रदेश के गन्ना किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 10 अक्टूबर को भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात और चर्चा के बाद यह निर्णय लिया। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान गन्ना उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने का विषय प्रमुखता से उठा।
किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद फैसला
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में भारतीय किसान संघ के संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल थे। बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों की मांगों और हितों को ध्यान में रखते हुए त्वरित पहल की। इसके बाद शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया गया।
पुराने पेराई सत्र के भुगतान पर भी मिलेगा लाभ
राज्य सरकार के इस फैसले की अहम बात यह है कि इसका लाभ केवल नई खरीदी तक सीमित नहीं रहेगा। पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के अनुसार किया जाएगा। इससे संबंधित पेराई सत्र में गन्ना बेच चुके किसानों को भी संशोधित दर का लाभ मिलेगा।
किसानों की खुशहाली सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अन्नदाता की खुशहाली ही समृद्ध छत्तीसगढ़ का आधार है। राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिले, खेती लाभकारी बने और किसान परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हों।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि लागत कम करने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी किसानों के हितों को अपनी नीतियों और निर्णयों के केंद्र में रखकर आगे बढ़ रही है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण समृद्धि में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेती-किसानी मजबूत होगी तो गांवों का विकास होगा और गांवों की समृद्धि से ही छत्तीसगढ़ की तरक्की का रास्ता खुलेगा। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और कृषि सम्मानजनक एवं लाभकारी आजीविका का माध्यम बने।
भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना किसानों के हित में लिए गए इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि बढ़ी हुई दर से गन्ना उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल प्राप्त होगा।



