गरियाबंद में 28 अक्टूबर को रोजगार मेला, 195 पदों पर भर्ती का मौका

गरियाबंद, 16 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 28 अक्टूबर को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक भर्ती प्रक्रिया चलेगी। इसमें निजी संस्थानों के कुल 195 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
मेले में सिक्योरिटी गार्ड, फायरमैन, पैकेजिंग स्टाफ, हेवी लाइसेंसधारी ड्राइवर, वार्ड बॉय, फील्ड ऑफिसर और कलेक्शन ऑफिसर के पद शामिल हैं। भर्ती फायर, सेफ्टी एवं डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, भिलाई-दुर्ग और स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर के लिए होगी।
8वीं पास से स्नातकोत्तर तक के युवाओं को मौका
आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक, स्नातकोत्तर और पीजीडीसीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता के प्रमाणपत्रों और अंकसूचियों की मूल प्रति व छायाप्रति लानी होगी।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए e-rojgar.cg.gov.in या छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार केंद्र के फोन नंबर 07706-241269 या मोबाइल नंबर 93295-59607 पर संपर्क किया जा सकता है।



