ताज़ा खबरें

छत्तीसगढ़ में 243.81 करोड़ के सड़क-पुल निर्माण कार्य मंजूर.. रायपुर के फुण्डहर चौक पर बनेगा ओवरपास..

रायपुर, 16 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में सड़क और पुलों के निर्माण को गति देने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 243.81 करोड़ रुपये के 18 कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी है। इनमें 12 पुल और 6 सड़क निर्माण एवं उन्नयन के कार्य शामिल हैं। अब चयनित निर्माण एजेंसियों को जल्द कार्यादेश जारी कर काम शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक लोगों की पहुंच आसान होगी। वहीं, उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

रायपुर में बनेगा फुण्डहर चौक ओवरपास

स्वीकृत कार्यों में राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित फुण्डहर चौक पर 29.80 करोड़ रुपये की लागत से ओवरपास निर्माण शामिल है। इसके अलावा रायपुरा चौक फ्लाईओवर के दोनों ओर 3.66 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड का 14.97 करोड़ रुपये से चौड़ीकरण किया जाएगा।

इंद्रावती और हान्दावाड़ा नदी पर बनेंगे पुल

बस्तर संभाग में बीजापुर जिले के कुटरू-गुटमांगी मार्ग पर इंद्रावती नदी में 36.06 करोड़ रुपये से उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। वहीं, हान्दावाड़ा नदी पर पुल निर्माण के लिए 5.73 करोड़ रुपये की निविदा मंजूर हुई है।

इसके अलावा जांजगीर-चांपा, सूरजपुर, रायपुर और बेमेतरा में सड़क चौड़ीकरण व मजबूतीकरण के कार्य होंगे। राजनांदगांव, कोंडागांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कांकेर और सरगुजा जिलों में भी विभिन्न नदी-नालों पर पुल बनाए जाएंगे। इन परियोजनाओं से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की बारहमासी कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button