CG Weather News: चक्रवात की आशंका के बीच प्रशासन सतर्क, स्कूलों में अवकाश

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ में सतर्कता बढ़ा दी गई है। तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका के बीच दंतेवाड़ा जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 27 अक्टूबर 2026 को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर की अनुमति से इस संबंध में आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए लागू होगा। शिक्षकों को स्कूलों में उपस्थित रहने से छूट नहीं दी गई है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
छात्रों की सुरक्षा के लिए स्कूलों में छुट्टी
चक्रवाती तूफान और अत्यधिक बारिश की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। खराब मौसम के कारण छात्र-छात्राओं को स्कूल आने-जाने में परेशानी होने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए दंतेवाड़ा जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है।
हालांकि, स्कूलों में शिक्षकों के लिए अवकाश घोषित नहीं किया गया है। उन्हें जारी निर्देशों के अनुसार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
27 से 29 अक्टूबर तक जिलों को सतर्क रहने के निर्देश
चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों को 27 से 29 अक्टूबर तक विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को आवश्यक सावधानियां बरतने और संबंधित व्यवस्थाओं पर नजर रखने को कहा गया है।
प्रतिकूल मौसम की आशंका के बीच प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और संभावित परिस्थितियों से निपटने की तैयारी बनाए रखना है।




