छत्तीसगढ़ भाजपा की अहम बैठकें संपन्न, आगामी रणनीति पर हुआ मंथन

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन आयोजित बैठकों में पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह दो दिवसीय चिंतन आत्ममंथन करने, प्राथमिकताएं तय करने और उस संकल्प को दोहराने का अवसर है, जिसने भारतीय जनसंघ से लेकर दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनने तक भाजपा को दिशा दी है।
छत्तीसगढ़ में फिर बनाएंगे भाजपा की सरकार: स्मृति ईरानी
स्मृति ईरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा पर गहरा विश्वास जताया है, जो पार्टी के लिए बड़ी जिम्मेदारी भी है। आगामी समय में इस भरोसे को बनाए रखने के साथ संगठन का विस्तार प्रत्येक बूथ तक करना होगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जितना सुंदर है, यहां के कार्यकर्ता भी उतने ही सुंदर और सुशील हैं। सभी कार्यकर्ताओं के पराक्रम और परिश्रम से प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाई जाएगी। यही पार्टी का सामूहिक संकल्प है।
कर्मयोगी कार्यकर्ता ही भाजपा की असली पूंजी
स्मृति ईरानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता कर्मयोगी है और उसके कर्मयोग से ही संगठन मजबूत होता है। भाजपा राष्ट्र प्रथम की विचारधारा और कार्यकर्ताओं के निःस्वार्थ परिश्रम से आगे बढ़ने वाला वैचारिक आंदोलन है।
उन्होंने कहा कि पार्टी की रीति-नीति एकात्म मानववाद और अंत्योदय की भावना पर आधारित है, जिसमें अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का उत्थान सफलता का पैमाना है। भाजपा को सबसे अलग और अडिग बनाने में संगठनात्मक अनुशासन की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि पद और दायित्व बदलते रहते हैं, लेकिन कार्यकर्ता संगठन की स्थायी ताकत होता है। सार्वजनिक जीवन में कार्यकर्ताओं का आचरण भाजपा की विचारधारा का प्रतिनिधित्व करता है। इसलिए सादगी सार्वजनिक जीवन का स्थायी आभूषण होनी चाहिए।
सोशल मीडिया के साथ जनता से सीधा संपर्क जरूरी
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि आज तकनीक का युग है और सोशल मीडिया पर संवाद जरूरी है, लेकिन यह जमीनी संपर्क का विकल्प नहीं हो सकता। पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव, पारा-टोला और बस्तर से लेकर सरगुजा तक आम जनता के बीच पहुंचना होगा।
उन्होंने कहा कि लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहना, उनकी समस्याएं सुनना और समाधान तक पहुंचाने का प्रयास करना कार्यकर्ता का सच्चा धर्म है। जब कार्यकर्ता बिना किसी औपचारिकता के सादगी के साथ जनता के बीच बैठता है, तभी संगठन परिवार का रूप लेता है।
संगठन की दृष्टि से अहम रहीं बैठकें: किरण देव
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने दो दिवसीय बैठकों के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि स्मृति ईरानी के प्रवास के दौरान पार्टी को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला है। संगठन की दृष्टि से ये बैठकें बेहद अहम रहीं, जिनमें पार्टी की रणनीति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू ने विभिन्न सत्रों में लगभग 12 श्रेणियों की बैठकें लीं। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने और भविष्य की रणनीति से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
कांग्रेस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने साधा निशाना
किरण देव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के पास पर्याप्त समय होने के बावजूद वह रचनात्मक काम करने के बजाय भ्रामक प्रचार करने वाली एजेंसी की तरह काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की बैठकों में क्या हो रहा है, इसे लेकर कांग्रेस काल्पनिक कहानियां गढ़ रही है, जिनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है।
खड़गे के बयान की किरण देव ने की आलोचना
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए किरण देव ने इसकी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाषायी गरिमा को बनाए रखना जरूरी है और किसी का अपमान करना उचित नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की राजनीति में व्यक्तिगत टिप्पणियों को प्राथमिकता दी जा रही है। किरण देव ने कहा कि इस तरह के बयानों से लोगों को ठेस पहुंचती है।
केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
किरण देव ने बताया कि बैठकों के दौरान ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान की समीक्षा भी की गई। अभियान के आगामी कार्यक्रमों पर बिंदुवार चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और छत्तीसगढ़ सरकार की जनहितैषी योजनाओं एवं कार्यों को आम जनता तक और मजबूती से पहुंचाना पार्टी कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता है। संगठन के विस्तार, जनसंपर्क और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के माध्यम से पार्टी जनता के बीच अपनी पहुंच मजबूत करना चाहती है।



