छत्तीसगढ़ताज़ा खबरें

नक्सलमुक्त बस्तर की ओर बड़ा कदम, CRPF ने बरामद किए 14 नक्सली डंप

रायपुर। बीजापुर नक्सल विरोधी अभियान के तहत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 199वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए 14 नक्सल डंप बरामद किए हैं। बरामद सामग्री में 7 रायफल, 10 IED, डेटोनेटर और विस्फोटक बनाने की सामग्री समेत कुल 99 प्रकार की वस्तुएं शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को विश्वसनीय सूचना के आधार पर CRPF की 199वीं वाहिनी ने एड़ी, हर्री, नयापारा, सरपंचपारा, पीडिया और कुआपगुड़ा गांवों के जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।

यह अभियान कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की देखरेख में संचालित किया गया। बी-199 कंपनी और यंग प्लाटून के जवानों ने जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से सर्च ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई में बी-199 कंपनी कमांडर अजित कुमार डेका और एफ-199 कंपनी के निरीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

7 रायफल और 10 IED सहित भारी मात्रा में सामग्री बरामद

तलाशी अभियान के दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में सामग्री मिली। बरामद सामान में—

  • 1 नग 303 बोल्ट एक्शन रायफल
  • 5 भरमार रायफल
  • 1 नग 12 बोर देशी रायफल
  • 8 डेटोनेटर
  • कोडेक्स वायर
  • 10 IED
  • बिना बैटरी का एक वायरलेस सेट
  • 4 प्लास्टिक कंटेनर
  • 3 बड़े स्टील कंटेनर
  • IED बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री
  • विभिन्न प्रकार की इलेक्ट्रिक सामग्री
  • नक्सलियों के कपड़े समेत कुल 99 प्रकार की वस्तुएं शामिल हैं।

सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की थी साजिश

CRPF के अनुसार, बरामद सामग्री नक्सलियों ने भविष्य में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से जंगलों में छिपाकर रखी थी। जवानों ने अत्यंत सतर्कता के साथ इलाके की घेराबंदी की और चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान को अंजाम दिया।

एड़ी, हर्री, पीडिया, कुआपगुड़ा और आसपास का क्षेत्र पहले नक्सली गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता रहा है। हालांकि, CRPF की 199वीं वाहिनी द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियानों के कारण क्षेत्र में नक्सल प्रभाव कम होने और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत होने की बात कही गई है।

इस कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

नक्सलमुक्त क्षेत्र बनाने अभियान जारी रहेगा

199वीं वाहिनी के कमांडेंट आनंद कुमार ने कहा कि CRPF आम नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति एवं विकास सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी आसूचना आधारित अभियानों को और प्रभावी तरीके से चलाया जाएगा तथा क्षेत्र को पूर्णतः नक्सलमुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button