छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंदेश-दुनियाप्रशासनिकमनोरंजन

नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ के कलाकारों का सम्मान, मुख्यमंत्री साय ने जताई खुशी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति और रंगमंच को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। प्रदेश के डॉ. आनंद कुमार पांडेय और घनश्याम साहू को प्रतिष्ठित उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार-2025 से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दोनों कलाकारों को यह सम्मान प्रदान किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर दोनों कलाकारों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

देशभर के 106 युवा कलाकार सम्मानित

संगीत नाटक अकादमी की ओर से आयोजित समारोह में वर्ष 2024 और 2025 के लिए देशभर के कुल 106 युवा कलाकारों को उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार प्रदान किए गए। यह सम्मान विभिन्न कला विधाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवा कलाकारों को दिया जाता है।

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना केवल बुनियादी ढांचे और भौतिक प्रगति तक सीमित नहीं है। देश की कला, संस्कृति और समृद्ध विरासत भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कलाकार पीढ़ी-दर-पीढ़ी भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित और आगे बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री साय ने बताया छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोनों कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति और रंगमंच को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले डॉ. आनंद कुमार पांडेय और घनश्याम साहू का सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने दोनों कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दोनों कलाकारों को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक प्रतिभाओं की उपलब्धि को रेखांकित करता है। इससे प्रदेश की कला और रंगमंच से जुड़े युवा कलाकारों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button