Governmentछत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंप्रशासनिकराजनीतिकवायरल खबरें

अरुण साव का बड़ा तोहफा, बस स्टैंड के लिए 6.50 और पालिका भवन को 3.50 करोड़

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने शनिवार को महासमुंद शहर के लोहिया चौक में आयोजित कार्यक्रम में 31 करोड़ 60 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने महासमुंद के नए बस स्टैंड को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपए तथा नगर पालिका के नए कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपए देने की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरों के समग्र और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने प्रदेश की दशा और दिशा बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सभी शहरों को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के छह जिलों को स्वच्छता के क्षेत्र में पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। युवाओं के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में 38 नालंदा परिसर स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की सहायता राशि सीधे मिल रही है।

12,666 करोड़ के पुल-पुलिया कार्य स्वीकृत

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 12 हजार 666 करोड़ रुपए के पुल-पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। महासमुंद जिले में भी विभिन्न विकास कार्यों के लिए 468 कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में सड़क और अधोसंरचना विकास को गति दी जा रही है तथा महासमुंद के विकास के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

साव ने कहा कि आने वाले समय में महासमुंद को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने के लक्ष्य के साथ काम करना है। उन्होंने नागरिकों से शहर के विकास में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि महासमुंद हमारा शहर है और इसका मान-सम्मान तथा गौरव सभी की जिम्मेदारी है।

विधायक ने रखी रिंग रोड और विकास कार्यों की मांग

महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में महासमुंद के विकास को लगातार प्राथमिकता मिल रही है। उन्होंने बताया कि महासमुंद का गौरव पथ और तुमगांव रोड निर्माणाधीन है। नहर लिंकिंग रोड को स्वीकृति मिल चुकी है और सड़क निर्माण कार्यों के टेंडर भी जारी हो चुके हैं।

उन्होंने बताया कि सीकासेर का पानी कोडार तक पहुंच रहा है तथा सिरपुर बैराज को भी स्वीकृति मिल चुकी है। विधायक ने महासमुंद शहर के बढ़ते विस्तार को देखते हुए रिंग रोड की आवश्यकता पर जोर दिया और नए बस स्टैंड तथा नगर पालिका के नए कार्यालय भवन के निर्माण की मांग उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।

नगर निगम बनाने की मांग

नगर पालिका अध्यक्ष निखिल कांत साहू ने महासमुंद को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताया। उन्होंने शहर की बढ़ती आबादी और विस्तार को देखते हुए महासमुंद नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा देने की मांग रखी।

कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू, छत्तीसगढ़ राज्य स्काउट गाइड के मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पवन पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित पार्षद, एल्डरमेन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button