नक्सलवाद से विकास की ओर बढ़ता बस्तर, तिरंगा यात्रा से दिया शांति और एकता का संदेश

रायपुर/नारायणपुर। बस्तर में शांति, एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर बुधवार को नारायणपुर जिला मुख्यालय के हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राउंड से ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा तथा वन मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप बाइक पर तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व करते हुए रवाना हुए। विभिन्न समाज प्रमुखों ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यात्रा में शामिल बच्चों और युवाओं के बीच पहुंचकर मंत्री द्वय ने आत्मीयता से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बस्तर में शांति, विकास और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से दुनिया को दिया जाएगा शांति का संदेश
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा उन क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, जहां कभी नक्सली घटनाओं का गहरा प्रभाव रहा है। यात्रा के माध्यम से देश और दुनिया को यह संदेश दिया जाएगा कि इन क्षेत्रों में अब नक्सलवाद समाप्त हो चुका है।
उन्होंने कहा कि नारायणपुर को यात्रा के शुभारंभ के लिए विशेष उद्देश्य से चुना गया है, क्योंकि यह जिला लंबे समय तक नक्सल गतिविधियों से प्रभावित रहा है। तीन दिवसीय यात्रा का समापन 14 अगस्त को बीजापुर जिले की कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर तिरंगा फहराकर किया जाएगा।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में माओवाद के खिलाफ प्रभावी नीति और कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अब बस्तर के कोने-कोने में राष्ट्रीय पर्वों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा लहराएगा।
उन्होंने बताया कि जनवरी 2024 से बस्तर के अनेक दुर्गम गांवों में राष्ट्रीय पर्वों पर ध्वजारोहण किया जा रहा है। इस स्वतंत्रता दिवस पर बस्तर संभाग के 90 से अधिक ऐसे गांवों में तिरंगा फहराया जाएगा, जहां आजादी के बाद पहली बार स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज लहराएगा।

‘अब बस्तर के लोग दुनिया में छाएंगे’
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के गांवों में अब लोगों के बीच स्वतंत्रता और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि पहले राष्ट्रीय पर्वों के दौरान माओवादी फरमान जारी करते थे, लेकिन आज उन्हीं इलाकों में घर-घर तिरंगा फहराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर के लोगों के मनोबल और सुरक्षा बलों के जवानों के अदम्य साहस से क्षेत्र को नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में आगे बढ़ाया गया है। अब समय आ गया है कि दुनिया बस्तर को उसकी प्राकृतिक, सांस्कृतिक और मानवीय पहचान के लिए जाने। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बस्तर के लोग नया इतिहास लिखेंगे।
विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं
गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में अब मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों और सुरक्षा का वातावरण तैयार किया जा रहा है। शासन सड़क, शिक्षा, कौशल विकास, लघु वनोपज के प्रसंस्करण और रोजगार के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहा है।
उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भी स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की मिट्टी से बनेगा स्मारक
वन मंत्री एवं नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने कहा कि जिन क्षेत्रों को कभी नक्सल गतिविधियों का केंद्र माना जाता था, आज उन्हीं इलाकों से तिरंगा यात्रा निकल रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान उन स्थानों की मिट्टी एकत्र की जाएगी, जहां जवानों और नागरिकों ने शहादत दी है। इस मिट्टी का उपयोग भविष्य में बनने वाले स्मारक में किया जाएगा।
कश्यप ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। 12 अगस्त से शुरू हुई यह यात्रा 14 अगस्त तक बस्तर के उन अति-संवेदनशील और लंबे समय तक माओवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।

नारायणपुर से दंतेवाड़ा और फिर बीजापुर पहुंचेगी यात्रा
तिरंगा यात्रा के पहले दिन नारायणपुर से रवाना होकर मुंजमेटा, झारागांव, धौड़ाई, कन्हारगांव, कड़ेनार, बोदली, सातधार और बारसूर होते हुए दंतेवाड़ा पहुंची।
दूसरे दिन यात्रा दंतेवाड़ा से सुकमा और बीजापुर जिले के विभिन्न नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। तीसरे दिन बीजापुर से आवापल्ली, उसूर, गलगम, नंबी और ताड़पाला होते हुए यात्रा कर्रेगुट्टा पहाड़ी पहुंचेगी, जहां तिरंगा फहराकर इसका समापन किया जाएगा।
कार्यक्रम में लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, जनप्रतिनिधि राहुल टिकरिया, संध्या पवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर नम्रता जैन, एसपी संदीप कुमार पटेल, जिला पंचायत सीईओ, डीएफओ सहित बड़ी संख्या में युवा और नागरिक उपस्थित रहे।



