Cg Breaking | नक्सल विरोधी अभियान के 14वें दिन IED ब्लास्ट में STF के 2 जवान घायल
Cg Breaking | 2 STF jawans injured in IED blast on the 14th day of anti-Naxal operation
बीजापुर। छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर जारी नक्सल विरोधी अभियान के 14वें दिन सुरक्षा बलों को एक बार फिर नक्सलियों के बिछाए जाल का सामना करना पड़ा। बीजापुर के कर्रेगुट्टा के पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान IED ब्लास्ट में STF के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल जवानों की पहचान थानसिंह और अमित पांडे के रूप में हुई है। दोनों STF की टीम के साथ सर्चिंग ऑपरेशन में शामिल थे, तभी वे नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED की चपेट में आ गए। विस्फोट से दोनों जवानों के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद दोनों घायल जवानों को तुरंत कैंप लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर से बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।
इस ऑपरेशन के तहत सुरक्षा बल लगातार दुर्गम क्षेत्रों में नक्सलियों के ठिकानों की तलाश कर रहे हैं। बीते कुछ दिनों में सुरक्षा बलों की सक्रियता से नक्सलियों को भारी दबाव का सामना करना पड़ रहा है।



