छत्तीसगढ़वायरल खबरें

CG News: रायपुर में BJP-कांग्रेस टकराव, 12 कांग्रेस नेताओं समेत कई पर FIR

रायपुर। दिल्ली में कथित NEET पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे राजनीतिक विरोध का असर अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी देखने को मिला। भाजपा द्वारा कांग्रेस मुख्यालय के घेराव के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखा टकराव हो गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को वॉटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। घटना के बाद पुलिस ने कांग्रेस के 12 नामजद नेताओं सहित अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस ने दर्ज की FIR

खम्हारडीह थाना प्रभारी निरीक्षक भावेश कुमार गौतम की शिकायत पर दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास किया, पुलिसकर्मियों से धक्कामुक्की की और उन पर कांच की बोतलें, पत्थर, लकड़ी और जूते फेंके। पुलिस ने इस मामले में शासकीय कार्य में बाधा, बल प्रयोग और कानून-व्यवस्था भंग करने सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

इन नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज

एफआईआर में कांग्रेस के जिन नेताओं को नामजद किया गया है, उनमें सुनील कुकरेजा, विनोद तिवारी, सकलेन कामदार, आकाश तिवारी, अजीत कुकरेजा, हनी बग्गा, शांतनु झा, गावेश साहू, खुबी डहरिया, सागर दुल्हानी, अजीज भिंसरा और अमित तिवारी शामिल हैं। इनके अलावा अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं को भी आरोपी बनाया गया है।

पुलिस ने सभी के खिलाफ बीएनएस की धारा 121(1), 132, 191 और 221 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या हुआ था घटनास्थल पर?

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को भाजपा के कांग्रेस मुख्यालय घेराव कार्यक्रम के दौरान राजीव भवन के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान कांग्रेस कार्यालय की ओर से नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता बैरिकेडिंग की तरफ बढ़े। पुलिस ने उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने और कथित तौर पर पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी।

पुलिस का दावा है कि स्थिति बिगड़ने पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर, कांच की बोतलें, लकड़ी और जूते फेंके, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिसकर्मी घायल

घटना में पीएसआई देवराज सिंह के सिर में चोट लगी, जबकि महिला आरक्षक सीमा बंजारे के हाथ में चोट आई। इसके अलावा अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस का कहना है कि घटना के वीडियो फुटेज, फोटोग्राफ और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

युवा कांग्रेस और NSUI पर भी केस

इसी दिन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पुतला दहन के दौरान हुए प्रदर्शन को लेकर सिविल लाइन थाना पुलिस ने युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के नौ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है।

महिला आरक्षक सविता यादव की शिकायत पर नीरज पांडेय, अमित शर्मा, संस्कार पांडेय, तारिक अनवर, कुणाल दुबे, प्रशांत गोस्वामी, रामायण सिंह, विकास कुमार और श्रद्धा नाथ सहित अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 121(1), 126(2), 132, 191(2) और 221 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान सरकारी कर्मचारियों से धक्का-मुक्की, सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और अभद्र व्यवहार जैसी घटनाएं हुईं।

फिलहाल दोनों मामलों की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button