CGBSE ने 10वीं-12वीं के छात्रों को दी बड़ी राहत, 27 अगस्त तक प्रवेश का मौका

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी द्वितीय मुख्य परीक्षा 2026 में शामिल विद्यार्थियों के लिए राहत भरा फैसला लिया है। मंडल ने परीक्षा में उत्तीर्ण और अनुत्तीर्ण दोनों श्रेणी के विद्यार्थियों को निर्धारित पात्रता के अनुसार स्कूलों में प्रवेश देने के निर्देश जारी किए हैं। विद्यार्थियों को प्रवेश लेने के लिए 27 अगस्त 2026 तक का समय दिया गया है।
मंडल ने इस संबंध में प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त स्कूलों के प्राचार्यों को निर्देश जारी किए हैं। प्रवेश देने से पहले स्कूल प्रबंधन को संबंधित विद्यार्थी की पात्रता की जांच करनी होगी। मंडल ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अपात्र विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाए।
13 अगस्त को जारी हुआ था परिणाम
CGBSE ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी द्वितीय मुख्य परीक्षा वर्ष 2026 का परिणाम 13 अगस्त 2026 को जारी किया था। परिणाम घोषित होने के बाद अब विद्यार्थियों के प्रवेश को लेकर मंडल ने स्कूलों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निर्देश के अनुसार, द्वितीय मुख्य परीक्षा में 10वीं के उत्तीर्ण एवं अनुत्तीर्ण, जबकि 12वीं के उत्तीर्ण (श्रेणी सुधार) एवं अनुत्तीर्ण परीक्षार्थियों को पात्रता के अनुसार 27 अगस्त तक प्रवेश दिया जा सकेगा।
31 अगस्त तक ऑनलाइन दर्ज करनी होगी जानकारी
स्कूलों को प्रवेशित विद्यार्थियों की पूरी जानकारी 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करनी होगी। मंडल ने स्कूल प्राचार्यों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
इस फैसले से द्वितीय मुख्य परीक्षा में शामिल उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जिन्हें परिणाम जारी होने के बाद आगे की कक्षा में प्रवेश को लेकर असमंजस की स्थिति थी।




