BreakingChhattisgarhExclusive

Chhattisgarh | दूरदर्शन के 66वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री साय ने कलाकारों और कर्मचारियों को दी बधाई

Chhattisgarh | Chief Minister Sai congratulated the artists and employees on the 66th foundation day of Doordarshan

रायपुर, 15 सितंबर 2025। राजधानी रायपुर स्थित दूरदर्शन केंद्र में आयोजित दूरदर्शन के 66वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और दूरदर्शन परिवार, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं दर्शकों को शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, गीत और शास्त्रीय संगीत प्रस्तुतियों का आनंद लिया। कलाकारों ने गौर नृत्य, बांस गीत, जवारा नृत्य, सुआ नृत्य और गौरी-गौरा जैसे लोकनृत्य प्रस्तुत किए।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दूरदर्शन ने मनोरंजन के साथ-साथ समाज को वैचारिक रूप से समृद्ध करने और संस्कारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने 1982 के एशियाई खेलों के रंगीन प्रसारण और धारावाहिक रामायण-महाभारत का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय दूरदर्शन का जादू ऐसा था कि प्रसारण के दौरान सड़कों पर सन्नाटा छा जाता था।

उन्होंने बताया कि दूरदर्शन के प्रादेशिक केंद्रों ने स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया है। रायपुर दूरदर्शन के लोकप्रिय कार्यक्रम “हमर चिन्हारी” ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को देश-दुनिया तक पहुँचाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरदर्शन ने कृषि दर्शन, महिला और युवा कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के हर वर्ग को जोड़ा है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाखों लोगों तक पहुँचाने में मदद की है।

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी दूरदर्शन की कला, संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने में योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर रायपुर दूरदर्शन केंद्र के उप महानिदेशक संजय कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने दूरदर्शन परिवार को पुनः स्थापना दिवस की बधाई दी और उम्मीद जताई कि दूरदर्शन समाज का मनोरंजन, जागरूकता और संस्कारों का प्रमुख माध्यम बना रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button