छत्तीसगढ़प्रशासनिक

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में बड़ा फैसला, पुराने कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

रायपुर, 12 अगस्त 2026। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने रायपुर परिक्षेत्र के सभी संभागों में चल रहे सड़क और भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए वर्ष 2024-25 तक के सभी प्रगतिरत कार्यों को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन कराने को कहा है।

नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में हुई समीक्षा बैठक में सचिव ने स्वीकृत, निर्माणाधीन और प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त कार्यों की निविदा प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंताओं को हर महीने कार्यपालन अभियंताओं की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

साइट निरीक्षण के बाद ही तैयार हों निर्माण के प्राक्कलन

मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों के प्राक्कलन तैयार करने से पहले संबंधित स्थल का फील्ड निरीक्षण जरूर किया जाए। उन्होंने कहा कि साइट की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के बाद ही प्राक्कलन तैयार किए जाएं, ताकि निर्माण के दौरान अनावश्यक बदलाव और देरी की स्थिति न बने।

उन्होंने ठेकेदारों से नियमित संपर्क और समन्वय बनाकर निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार काम पूरा कराने को कहा। समय पर काम नहीं करने, लापरवाही बरतने और गुणवत्ताहीन निर्माण करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने और आगामी निविदाओं के लिए अपात्र करने के निर्देश भी दिए।

ठेकेदारों को नियमित भुगतान पर जोर

सचिव ने ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों का नियमित मूल्यांकन कर हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गति बनाए रखने के लिए भुगतान प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

रायपुर और नवा रायपुर में बेहतर मॉनिटरिंग और प्रशासनिक कसावट के लिए रायपुर मंडल क्रमांक-1 के चारों संभागों के कार्यक्षेत्रों का नए सिरे से विभाजन करने के निर्देश भी दिए गए।

तीन साल से अधिक समय से एक ही जगह कार्यरत कर्मचारियों की होगी नई पदस्थापना

राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप एक ही टेबल पर तीन वर्ष से अधिक समय से कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची तैयार कर 30 सितंबर तक नई पदस्थापना करने को कहा गया। बैठक में अनुकंपा नियुक्ति और न्यायालयीन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।

31 अगस्त तक PWD-IMS में सभी कार्यों की एंट्री

मुकेश कुमार बंसल ने PWD-IMS में विभाग के सभी कार्यों की एंट्री 31 अगस्त तक पूरी करने के निर्देश दिए। वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले नए कार्यों के प्राक्कलन भी 31 अगस्त तक जमा करने को कहा गया।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और लोक सेवा गारंटी से संबंधित प्रकरणों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही अगले पांच वर्षों में सड़कों की जरूरत का आकलन कर नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

निविदा के बाद तत्काल जारी हो कार्यादेश

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद तत्काल अनुबंध कर कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य पूर्णता की उपयुक्त समय-सीमा तय करने के लिए एसओपी तैयार करने को कहा।

उन्होंने कहा कि कार्यों की समय-सीमा निर्धारित करते समय वर्षा ऋतु, पोल शिफ्टिंग, पाइपलाइन और अन्य यूटिलिटी शिफ्टिंग जैसी परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जाए। निर्माण कार्य पूरा होने के तीन महीने के भीतर फाइनल बिल तैयार करने और ठेकेदारों को भुगतान सुनिश्चित करने के लिए भी एसओपी बनाने के निर्देश दिए।

मानसून में सड़कों की मरम्मत और गड्ढे भरने का काम तत्काल

सचिव ने चालू मानसून सीजन को देखते हुए सड़कों की पेच रिपेयरिंग और गड्ढे भरने का काम तत्काल कराने के निर्देश दिए। परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत के लिए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी कर काम तत्काल पूरा कराने को कहा गया।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता पी.एम. कश्यप एवं टी.आर. कुंजाम, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय सहित रायपुर परिक्षेत्र के सभी नौ संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button