छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंवायरल खबरें

Chhattisgarh Investment Ranking 2026: निवेशकों की पहली पसंद बना छत्तीसगढ़, नियमों में आसानी और संस्थागत माहौल में देश में नंबर-1

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने निवेश के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। क्रिसिल-नीति आयोग इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स (IFI) 2026 में राज्य ने Regulatory Ease (नियमों में आसानी) और Institutional Environment (संस्थागत माहौल) जैसे निवेश के दो सबसे अहम पैमानों पर देश के 17 बड़े राज्यों में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं Environment Resilience (पर्यावरणीय लचीलापन) में राज्य दूसरे स्थान पर रहा है।

सरकार का दावा है कि निवेशकों के बढ़ते भरोसे का नतीजा है कि पिछले लगभग ढाई वर्षों में राज्य को करीब 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें सेमीकंडक्टर, एआई डेटा सेंटर, टेक्सटाइल, फार्मास्युटिकल्स और एग्रो-प्रोसेसिंग जैसे भविष्य की अर्थव्यवस्था से जुड़े उद्योग शामिल हैं।

नियमों में आसानी से बढ़ा निवेशकों का भरोसा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन व्यवस्था को पारदर्शी, सरल और जवाबदेह बनाने के लिए किए गए सुधारों का असर राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगा है। इंडेक्स में छत्तीसगढ़ को Regulatory Ease श्रेणी में 12 में से 8.4 अंक मिले, जो राजस्थान, गुजरात, पंजाब और तमिलनाडु जैसे औद्योगिक राज्यों से भी बेहतर हैं।

यह श्रेणी उद्योगों को मिलने वाली मंजूरियों, एनओसी, बिजली-पानी कनेक्शन, निर्माण अनुमति और व्यावसायिक विवादों के समाधान जैसी प्रक्रियाओं का आकलन करती है। बेहतर रैंकिंग का मतलब है कि राज्य में उद्योगों को कम प्रशासनिक बाधाओं का सामना करना पड़ता है और निवेश प्रक्रिया अधिक तेज एवं पारदर्शी बनी है।

संस्थागत माहौल में भी देश में पहला स्थान

Institutional Environment श्रेणी में छत्तीसगढ़ को 6 में से 4.5 अंक मिले हैं। इस श्रेणी में शासन की गुणवत्ता, आर्थिक एवं साइबर अपराध नियंत्रण, श्रमिक विवादों के समाधान, नीतिगत स्थिरता और शिकायत निवारण व्यवस्था का मूल्यांकन किया जाता है।

र्यावरणीय सुरक्षा और संसाधनों में भी मजबूत प्रदर्शन

पर्यावरणीय लचीलापन के मामले में छत्तीसगढ़ देश के बड़े राज्यों में दूसरे स्थान पर रहा। राज्य को इस श्रेणी में 5 में से 4 अंक मिले। वहीं प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता के मामले में राज्य तीसरे स्थान पर है।

देश के दूसरे सबसे बड़े कोयला एवं लिग्नाइट उत्पादक राज्यों में शामिल छत्तीसगढ़ धातु एवं अधात्विक खनिजों के उत्पादन में भी अग्रणी है। वित्तीय स्वास्थ्य के पैमाने पर राज्य को 7 में से 5.4 अंक प्राप्त हुए हैं।

भरोसेमंद बिजली और मजबूत कार्यबल

छत्तीसगढ़ उद्योगों को प्रतिस्पर्धी दरों पर पर्याप्त बिजली उपलब्ध करा रहा है। महिलाओं की कार्यबल में 58.1 प्रतिशत भागीदारी बड़े राज्यों के औसत से काफी अधिक बताई गई है। साथ ही कारोबार बंद करने की प्रक्रिया की लागत भी देश में सबसे कम खर्च वाली श्रेणियों में शामिल है।

औद्योगिक सुधारों से बदली निवेश की तस्वीर

राज्य सरकार ने औद्योगिक विकास नीति 2024-30, जन विश्वास अधिनियम और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस अधिनियम-2026 जैसे कई महत्वपूर्ण सुधार लागू किए हैं। सरकार के अनुसार, जोखिम आधारित नियामकीय व्यवस्था लागू करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बना है, जिससे उद्योगों पर अनावश्यक नियामकीय बोझ कम हुआ है।

एआई और डिजिटल इकोनॉमी का नया हब

नवा रायपुर में देश के पहले एआई डेटा सेंटर पार्क का निर्माण तेजी से चल रहा है। लगभग 1,000 करोड़ रुपये की इस परियोजना की क्षमता एक लाख GPU तक होगी। इसके अलावा राज्य में देश का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर भी विकसित किया जा रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ डिजिटल और एआई आधारित उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्या कहा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि क्रिसिल-नीति आयोग इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स-2026 में छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन राज्य की सुशासन आधारित नीतियों, पारदर्शी प्रशासन और निवेशक-अनुकूल वातावरण पर राष्ट्रीय स्तर की मुहर है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं, बल्कि रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और समावेशी आर्थिक प्रगति को गति देना है। उनका विश्वास है कि छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में देश के सबसे भरोसेमंद निवेश गंतव्यों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button