छत्तीसगढ़देश-दुनियाप्रशासनिकवायरल खबरें

‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का गौरव, CM साय बोले- प्रदेश की उपलब्धियों को मिली राष्ट्रीय पहचान

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी का देश के 140 करोड़ नागरिकों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में बिना प्रचार के समाज और राष्ट्रहित में काम कर रहे लोगों के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है। इससे नवाचार, समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी जैसे क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ता है।

नशामुक्त युवा, विकसित भारत का संकल्प

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री के ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संदेश को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

हर घर तिरंगा’ में दिखा राष्ट्रप्रेम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति देशवासियों के उत्साह का भी उल्लेख किया। अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक लोगों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की। उन्होंने इसे राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशवासियों के भावनात्मक जुड़ाव की अभिव्यक्ति बताया।

पीएम स्वनिधि से महिलाओं को मिला आर्थिक संबल

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना ने रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबार से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थियों में लगभग 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और करीब 35 लाख महिलाएं इससे जुड़ी हैं।

साय ने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त महिला अपने परिवार के साथ-साथ समाज और देश की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।

स्वच्छता को आदत और जिम्मेदारी बनाने की जरूरत

मुख्यमंत्री ने स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान न मानकर प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब लोग अपने घर, मोहल्ले, गांव और शहर को स्वच्छ रखने का संकल्प लेते हैं, तो इससे जीवन की गुणवत्ता के साथ उस क्षेत्र की पहचान भी बेहतर होती है।

अंतरिक्ष विज्ञान में छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत का उल्लेख

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत की बेटियां विज्ञान और तकनीक समेत हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों का उल्लेख किया, जिसके माध्यम से छात्राओं को सैटेलाइट टेक्नोलॉजी और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत का इस मुहिम का हिस्सा बनना प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने महिमा को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।

मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का उल्लेख गौरव की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की विभिन्न कड़ियों में छत्तीसगढ़ के उल्लेखनीय प्रयासों और उपलब्धियों का उल्लेख किया है। बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण संरक्षण जैसे विषयों को राष्ट्रीय मंच पर स्थान मिलने से प्रदेशवासियों का उत्साह बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करती है। यह कार्यक्रम नागरिकों को स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, नवाचार, समाजसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरित करता है।

ये रहे प्रमुख नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू एवं पुरंदर मिश्रा सहित संतजन, निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button