छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंवायरल खबरें

CM Helpline-1076 ने नागरिक-केंद्रित सुशासन की अवधारणा को दिया व्यवहारिक रूप : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

रायपुर, छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 ने अपने संचालन के पहले ही महीने में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। 13 जुलाई 2026 तक हेल्पलाइन के माध्यम से 42,653 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। इनमें से 13,600 शिकायतकर्ताओं ने समाधान से संतुष्ट होकर स्वयं सकारात्मक अभिमत के साथ अपने प्रकरण बंद कराए, जो इस व्यवस्था की प्रभावशीलता और लोगों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 आज आमजन और शासन के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर उभरी है।

प्रदेशवासियों से हेल्पलाइन का अधिक उपयोग करने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिक मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 का अधिकाधिक उपयोग करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी दें, ताकि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक इस व्यवस्था का लाभ पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन केवल शिकायत दर्ज करने की सुविधा नहीं, बल्कि जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित शासन व्यवस्था का सशक्त उदाहरण है।

24×7 सेवा, 8 हजार अधिकारी शिकायतों के समाधान में जुटे

मुख्यमंत्री ने बताया कि हेल्पलाइन सप्ताह के सातों दिन, 24 घंटे संचालित होती है। इसके लिए समर्पित कॉल सेंटर में पर्याप्त मानव संसाधन तैनात किए गए हैं, जो शिकायतों को दर्ज कर संबंधित विभागों तक पहुंचाते हैं।

शिकायतों के निराकरण के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की गई है। तहसीलदार से लेकर सचिव स्तर तक लगभग 8,000 अधिकारी इस व्यवस्था से जुड़े हैं, जिससे प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो रही है।

अब दफ्तर-दफ्तर भटकने की जरूरत नहीं

मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि सरकार ऐसा प्रशासन विकसित कर रही है, जहां नागरिकों को अपनी समस्या लेकर कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अब केवल एक फोन कॉल के माध्यम से शिकायत दर्ज होती है, उसकी लगातार मॉनिटरिंग की जाती है और तय समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाता है।

उन्होंने कहा कि इस तकनीक आधारित व्यवस्था से शासन और जनता के बीच संवाद अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी हुआ है तथा प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

इन विभागों में सबसे ज्यादा शिकायतें और सबसे अधिक समाधान

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के विभागवार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक शिकायतें—

  • ऊर्जा विभाग
  • पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग
  • राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग
  • से संबंधित प्राप्त हुईं।
  • वहीं समाधान के मामले में भी इन विभागों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया—
  • ऊर्जा विभाग – 3,066 शिकायतों का निराकरण
  • पंचायत एवं ग्रामीण विकास – 2,530 शिकायतों का समाधान
  • राजस्व एवं आपदा प्रबंधन – 1,314 शिकायतों का निराकरण
  • “समस्या तुंहर, समाधान हमर” बना सुशासन की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक आधारित यह व्यवस्था सुशासन को व्यवहार में उतारने का प्रभावी माध्यम बन रही है। आने वाले समय में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 का दायरा और अधिक व्यापक किया जाएगा, ताकि प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक भी त्वरित और गुणवत्तापूर्ण प्रशासनिक सेवाएं पहुंच सकें।

महज एक महीने में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 ने यह साबित कर दिया है कि संवेदनशीलता, तकनीक और जवाबदेही के साथ काम करने वाली सरकार नागरिकों तक सुशासन का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचा सकती है। “समस्या तुंहर, समाधान हमर” की भावना के साथ संचालित यह पहल आज विकसित छत्तीसगढ़ के जन-केंद्रित, पारदर्शी और उत्तरदायी शासन मॉडल की नई पहचान बन चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button