छत्तीसगढ़राजनीतिक

CM विष्णुदेव साय ने सत्य साई ग्राम मॉडल को बताया प्रेरणादायक

रायपुर, 24 जुलाई 2026 मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कर्नाटक के सत्य साई ग्राम, मुद्देनहल्ली का दौरा कर वहां संचालित शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और मानवीय मूल्यों पर आधारित सेवा मॉडल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के संस्थापक सद्गुरु मधुसूदन साई से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में जनकल्याणकारी सेवाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना केवल आर्थिक विकास से पूरा नहीं होगा, बल्कि इसके लिए स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारित समाज का निर्माण भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।

श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल के कार्यों की सराहना

मुख्यमंत्री ने रायपुर स्थित श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल द्वारा निःशुल्क बाल हृदय शल्य चिकित्सा (पीडियाट्रिक कार्डियक सर्जरी) के जरिए हजारों बच्चों को नया जीवन देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अस्पताल के विस्तार, मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल की स्थापना और भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा की।

मूल्य आधारित शिक्षा पर दिया विशेष जोर

मुख्यमंत्री श्री साय ने मूल्य आधारित शिक्षा पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। सम्मेलन में 25 देशों के 100 से अधिक शिक्षकों और शिक्षाविदों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, सेवा, करुणा, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है।

पोषण मॉडल का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने श्री सत्य साई अन्नपूर्णा ट्रस्ट की साईश्योर न्यूट्रास्यूटिकल्स इकाई का भी निरीक्षण किया। यहां तैयार किए जा रहे साईश्योर मल्टी-न्यूट्रिएंट हेल्थ मिक्स के माध्यम से देश के 25 राज्यों और 4 केंद्रशासित प्रदेशों में करीब एक करोड़ बच्चों तक पोषण सहायता पहुंचाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी ऐसे नवाचारों को अपनाकर बच्चों के पोषण स्तर में सुधार किया जा सकता है।

300 युवाओं को मिला नर्सिंग प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संस्थान में छत्तीसगढ़ के करीब 300 युवाओं को नर्सिंग शिक्षा एवं प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होंने इसे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ सेवा भाव से प्रेरित कुशल स्वास्थ्यकर्मी तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

जनकल्याण के लिए साझेदारी पर जोर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ सरकार और वन वर्ल्ड वन फैमिली मिशन के बीच सहयोग से स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण के क्षेत्रों में नई संभावनाएं विकसित होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार उन सभी प्रयासों का स्वागत करती है, जो सेवा, संवेदना और सुशासन के माध्यम से समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button