Governmentछत्तीसगढ़प्रशासनिक

स्वतंत्रता दिवस पर CM साय का बड़ा संदेश, बोले- विकसित छत्तीसगढ़ से विकसित भारत का संकल्प होगा साकार

रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प मजबूत करने का अवसर है।

बस्तर में शांति के साथ विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता के बाद बस्तर में शांति, विश्वास और विकास की नई सुबह हुई है। उन्होंने बस्तर के सर्वांगीण विकास को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में बताया। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के जरिए 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का लाभ बस्तर संभाग के 39 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचाने की बात कही।

नक्सल हिंसा के कारण बंद स्कूलों को फिर शुरू करने के साथ 36 नए स्कूलों की स्वीकृति और ओरछा तथा जगरगुंडा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित करने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी। ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच और करीब 10 लाख परिवारों की आय बढ़ाने के लिए 4,824 करोड़ रुपये की आजीविका उन्नयन योजना का उल्लेख किया गया।

किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने किसानों को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदा जा रहा है। फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसल लेने वाले किसानों को कृषक उन्नति योजना के तहत 15 हजार रुपये की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।

प्रदेश के 2,028 पैक्स का कंप्यूटरीकरण पूरा होने और इनमें से 1,988 पैक्स के कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में सेवाएं देने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी।

सिंचाई के लिए 11 हजार करोड़ से ज्यादा की मंजूरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी गई है।

इंद्रावती नदी पर लगभग 2 हजार करोड़ रुपये की लागत से मटनार और देउरगांव बैराज बनाए जाने की योजना है, जिससे 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

24.50 लाख आवास स्वीकृत

मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। कैबिनेट की पहली बैठक में 18 लाख आवासों की स्वीकृति के बाद अब तक प्रदेश में 24 लाख 50 हजार आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 1,600 घर बनाए जा रहे हैं।

वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के माध्यम से 73 लाख परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

महिला सशक्तीकरण पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत अब तक 19 हजार 444 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए गए हैं। प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से 56 हजार से अधिक पीवीटीजी परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। वहीं 6,691 जनजातीय बहुल गांवों में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का लाभ दिया जा रहा है।

युवाओं के लिए रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, शिक्षा, कौशल, खेल और नवाचार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल बनाया गया है और नकल व अनुचित साधनों को रोकने के लिए सख्त कानून पारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के 3,946 पदों तथा बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘सीजी असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एक्जाम योजना’ शुरू की जा रही है।

500 करोड़ रुपये का AI मिशन

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के मंच से छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 500 करोड़ रुपये के AI मिशन को मंजूरी दी है। इसके तहत 100 AI डेटा लैब, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और 50 से अधिक AI आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी।

छह लाख विद्यार्थियों और डेढ़ लाख शासकीय कर्मचारियों को AI का प्रशिक्षण देने की योजना है। साथ ही छत्तीसगढ़ स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति के तहत 100 करोड़ रुपये का स्टार्टअप फंड बनाया गया है।

निवेश से रोजगार के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति के जरिए कोर सेक्टर के साथ नए और उभरते क्षेत्रों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे करीब 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

नवा रायपुर में प्रदेश की पहली गारमेंट इकाई से 4,600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। मुंगेली में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड का प्लांट स्थापित किया जाएगा और प्रदेश में 23 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं।

सड़क, रेल, ऊर्जा और डिजिटल कनेक्टिविटी को गति

मुख्यमंत्री ने बताया कि ऊर्जा क्षेत्र में 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ प्रदेश के 90 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को मिल रहा है।

भारत माला परियोजना, रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे, रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर और रावघाट-जगदलपुर रेल नेटवर्क को प्रदेश के आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। दूरस्थ क्षेत्रों में 829 मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं और भारतनेट 3.0 के माध्यम से 5,659 ग्राम पंचायतों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।

उन्होंने ‘विकसित भारत-जी राम जी योजना’ के माध्यम से प्रदेश के 6,524 गांवों में मुक्तिधाम और प्रतीक्षालय बनाए जाने की भी जानकारी दी।

पर्यटन और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने बस्तर और सरगुजा में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री पर्यटन मिशन का उल्लेख किया। चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करते हुए वहां टेंट सिटी बनाने और सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित करने की बात कही।

छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ शुरू करने तथा छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ के निर्माण का निर्णय भी बताया गया।

विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ संदेश का समापन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने स्वतंत्रता दिवस संदेश के समापन में कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ सभी का सामूहिक लक्ष्य है। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के अमृत मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए, कर्तव्यों को सर्वोपरि रखकर और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की भावना के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button