कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने संभाला चार्ज, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निराकरण के निर्देश

रायपुर, 25 अगस्त 2026। आईएएस अधिकारी अमृत विकास तोपनो ने मुंगेली जिले के 12वें कलेक्टर के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। जिला कलेक्टोरेट पहुंचने पर अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।
पदभार संभालने के बाद कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं और विभिन्न विभागों के कामकाज की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप सकारात्मक सोच, आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करने के निर्देश दिए।

योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर
कलेक्टर ने जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने लंबित फाइलों का नियमानुसार समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे। इसके लिए योजनाओं की लगातार निगरानी और आम लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान जरूरी है।
चार्ज संभालते ही कई विभागों का औचक निरीक्षण
पदभार ग्रहण करने के बाद कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिला कलेक्टोरेट परिसर स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्य, उद्योग, आबकारी, आदिवासी विकास, खनिज, विपणन, खेल, महिला एवं बाल विकास, श्रम, मत्स्य पालन और एनआईसी कक्ष समेत कई कार्यालयों का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने विभागवार संचालित योजनाओं, सेवाओं और गतिविधियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों से यह भी जाना कि सरकारी योजनाओं का लाभ मैदानी स्तर पर आम लोगों तक किस तरह पहुंच रहा है।
उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं और नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने तथा प्रशासनिक सेवाओं को और अधिक सुगम बनाने के निर्देश दिए।
अब हर मंगलवार दोपहर 2 बजे होगा कलेक्टर जनदर्शन
नवपदस्थ कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश के बाद कलेक्टर जनदर्शन के समय में भी बदलाव किया गया है। अब प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 2 बजे से जिला कलेक्टोरेट में जनदर्शन आयोजित होगा।
इस दौरान जिले के नागरिक अपनी समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन सीधे जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। कलेक्टर ने अधिकारियों को जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने जनदर्शन को प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधे संवाद तथा समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम बताया है। अब प्रत्येक मंगलवार दोपहर 2 बजे आमजन अपनी समस्याएं लेकर जिला कलेक्टोरेट पहुंच सकेंगे।
प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ
आईएएस अमृत विकास तोपनो वर्ष 2014 बैच के अधिकारी हैं। वे पूर्व में सक्ती जिले के कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2020 में उन्होंने संस्कृति विभाग के संचालक की जिम्मेदारी भी संभाली है। अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी तथा योजना से जुड़े विभागों में काम करने का भी उन्हें अनुभव है।
मुंगेली कलेक्टर के रूप में उनके सामने जिले में विकास कार्यों को गति देने, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने, राजस्व एवं प्रशासनिक सेवाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी होगी।
शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, अधोसंरचना, रोजगार और आजीविका संवर्धन सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्यों को गति देना तथा शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करना जिला प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।



