छत्तीसगढ़

Crime news: प्रेमिका पर चाकू से हमला फिर खुद का गला रेता होटल में सनसनीखेज वारदात

रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित होटल बंसल पैराडाइज में शुक्रवार को प्रेमी युगल के बीच विवाद के बाद युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद युवक ने खुद का गला रेतकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना झूलेलाल चौक के पास स्थित होटल के तीसरे तल के कमरा नंबर 401 में हुई। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान रिमन मंडावी के रूप में हुई है, जो मोहला-मानपुर जिले के अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। वहीं आरोपी युवक कृष्ण कुमार भारद्वाज वाराणसी जिले का निवासी बताया गया है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों ने 14 अगस्त को होटल में पहचान पत्र प्रस्तुत कर कमरा लिया था। दोपहर के समय कमरे से विवाद और चीख-पुकार की आवाज सुनाई देने के बाद होटल कर्मचारियों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर दोनों को गंभीर हालत में पाया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद के दौरान युवक ने कथित तौर पर युवती पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद युवक ने खुद का गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर दिया है। पुलिस टीम होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। दोनों के बीच विवाद की वजह क्या थी और वारदात से पहले कमरे में क्या हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की हालत में सुधार होने के बाद पूछताछ में घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button