CG News: अचानकमार के जंगल में खौफनाक घटना, बाघिन के हमले में युवक की मौत से ग्रामीणों में दहशत

रायपुर। मुंगेली के अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) से लगे जंगल में बाघिन के हमले से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल के अंदर नहीं जाने की सख्त हिदायत दी है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार 24 अगस्त को बांदा गांव निवासी धरमलाल धृतलहरे अपने तीन साथियों के साथ जंगल में करील, पुटु और अन्य वनोपज इकट्ठा करने गया था। इसी दौरान चारों की नजर शावकों के साथ मौजूद एक बाघिन पर पड़ी। बताया जा रहा है कि वे अनजाने में बाघिन और उसके शावकों के काफी करीब पहुंच गए।

खतरा महसूस होते ही बाघिन ने अचानक हमला कर दिया। बाघिन को अपनी ओर आता देख धरमलाल के तीन साथी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन धरमलाल उसकी चपेट में आ गया। बाघिन के हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए लोरमी स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को जंगल में प्रवेश नहीं करने की चेतावनी दी है।
बारिश के कारण पहले से बंद है पार्क
बताया जा रहा है कि बरसात के मौसम के चलते अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र पहले से ही बंद है। इसके बावजूद युवक अपने साथियों के साथ जंगल के अंदर कैसे पहुंचा, वन विभाग इसकी जांच कर रहा है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे वन्यजीवों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और विभाग के निर्देशों का पालन करें।
बाघिन के शावकों के साथ होने के कारण उसके व्यवहार को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। घटना के बाद वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही है, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।



