भारत की आर्थिक विकास दर 7% रहने का अनुमान, CM विष्णु देव साय ने कही बड़ी बात

रायपुर, 13 अक्टूबर 2026। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के भारत की आर्थिक विकास दर को लेकर जारी अनुमान पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भी आर्थिक प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे देश की मजबूत अर्थव्यवस्था और प्रभावी आर्थिक नीतियों का प्रमाण बताया।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि IMF ने वर्ष 2026 और 2027 में भारत की आर्थिक विकास दर 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। वहीं, वर्ष 2026 में वैश्विक आर्थिक विकास दर 3.1 प्रतिशत रहने का अनुमान है। उनके अनुसार, यह अंतर भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूती और वैश्विक चुनौतियों का सामना करने की क्षमता को दर्शाता है।
आर्थिक सुधारों और निवेश से मिली गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के पिछले वर्षों के आर्थिक सुधारों, अधोसंरचना में निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था के विस्तार, विनिर्माण क्षेत्र को प्रोत्साहन और उद्यमिता के लिए अनुकूल माहौल बनाने जैसे प्रयासों से देश की विकास यात्रा को गति मिली है। उन्होंने कहा कि भारत प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति मजबूत करने के साथ विश्व की आर्थिक वृद्धि में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
विकसित भारत @2047 के लक्ष्य पर जोर
सीएम साय ने कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को मजबूती दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ भी विकसित भारत के संकल्प में अपनी पूरी क्षमता के साथ योगदान दे रहा है। राज्य सरकार ‘विकसित भारत–विकसित छत्तीसगढ़’ के लक्ष्य के अनुरूप निवेश, उद्योग, अधोसंरचना, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के जरिए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है।



