छत्तीसगढ़ में पहली बार होगा अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच, महिला दर्शकों को मिलेगी फ्री एंट्री!

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रदेश में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता जताई है। उन्होंने इसे प्रदेश की बेटियों और उभरती महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी अवसर बताया।
मुख्यमंत्री साय से 14 अक्टूबर 2026 को महानदी मंत्रालय भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात की। इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शामिल होने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
महिला दर्शकों के लिए निःशुल्क प्रवेश का सुझाव
मैच में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखने का सुझाव दिया। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने इस सुझाव पर सहमति जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखना प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। इससे युवा लड़कियों में क्रिकेट सहित अन्य खेलों को करियर के रूप में अपनाने का उत्साह बढ़ेगा।
महिला क्रिकेट को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। प्रदेश के गांवों, कस्बों और आदिवासी अंचलों से भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आ रहे हैं। जरूरत है कि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, खेल सुविधाएं और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें।
उन्होंने विश्वास जताया कि भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 मुकाबले से छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ेगी और प्रदेश की उभरती खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
छत्तीसगढ़ को स्पोर्ट्स हब बनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों के अनुकूल वातावरण तैयार करने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। बेहतर खेल अधोसंरचना और बड़े आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ विश्वस्तरीय खेलों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आपसी सद्भाव को भी मजबूत करते हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और खेलप्रेमियों से इस ऐतिहासिक मुकाबले को उत्सव की तरह मनाने तथा खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मोहन दास, डायरेक्टर विजय शाह, पूर्व अध्यक्ष मुकुल तिवारी, सचिव विंटेश अग्रवाल, जी.एस. मूर्ति, विनय बजाज सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



