कुलगाम में आतंकी हमला: छत्तीसगढ़ के मजदूर की गोली मारकर हत्या, दूसरा गंभीर

रायपुर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार रात आतंकियों ने गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया। केल्लाम इलाके में हुई फायरिंग में छत्तीसगढ़ के रहने वाले एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आतंकियों की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, हमला शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे हुआ। आतंकियों ने केल्लाम क्षेत्र में काम कर रहे दो गैर-स्थानीय मजदूरों पर अचानक कई राउंड गोलियां चला दीं। गोलीबारी की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां छत्तीसगढ़ निवासी दीपक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे घायल मजदूर भोपिंदर की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बेहतर उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अनंतनाग रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
हमले की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर भी सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।



