Governmentताज़ा खबरें

CM हेल्पलाइन की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत-गिट्टी परिवहन में 8 ट्रैक्टर जब्त

रायपुर, 5 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के खनिज विभाग ने अवैध रेत और गिट्टी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच के दौरान 8 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य जिले में अवैध खनन, उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करना है।

अलग-अलग क्षेत्रों से पकड़े गए ट्रैक्टर

खनिज विभाग की टीम ने मैदानी जांच और सतत निगरानी के दौरान अवैध रूप से खनिज परिवहन करते हुए वाहनों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान ग्राम खंता से रेत परिवहन करते 2 ट्रैक्टर, रूमगा से 2, चिचगोहना से 1, कोरजा से 1 और लालपुर से 1 ट्रैक्टर जब्त किया गया। इसके अलावा कोटमी से गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर भी पकड़ा गया।

इस तरह कुल 8 ट्रैक्टरों को जब्त कर नियमानुसार सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।

थानों और चौकी में रखे गए जब्त वाहन

खनिज विभाग के अनुसार जब्त किए गए वाहनों में से 4 ट्रैक्टर गौरेला थाना, 3 ट्रैक्टर कोटमी चौकी और 1 ट्रैक्टर मरवाही थाना में सुरक्षित रखा गया है। प्रकरणों की जांच के साथ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई

जिले में नागरिकों द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज कराई जा रही शिकायतों को प्रशासन द्वारा गंभीरता से लिया जा रहा है। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का परीक्षण कर उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

इसी क्रम में अवैध खनिज परिवहन से संबंधित शिकायत मिलने के बाद खनिज विभाग की टीम ने तत्काल मैदानी स्तर पर जांच की। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों को जब्त कर लिया गया।

अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी

कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, शिवकुमार लहरे, साहिब गनी और सतीश साहू, नगर सैनिक शामिल रहे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन ने खनिज कारोबारियों और वाहन मालिकों से नियमों का पालन करने तथा वैध दस्तावेजों के साथ ही रेत, गिट्टी एवं अन्य खनिजों का परिवहन करने की अपील की है।

प्रशासन के मुताबिक सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत से लेकर मैदानी जांच और कार्रवाई तक की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने से नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण होने के साथ ही खनिज संसाधनों और सरकारी राजस्व की सुरक्षा में भी मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button