PM मोदी बोले- स्वदेशी अपनाएं, गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से करें परहेज

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की 7.8 प्रतिशत GDP ग्रोथ पर देशवासियों को बधाई देते हुए एक बार फिर आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया है। पीएम मोदी ने नागरिकों से खरीदारी और यात्रा के दौरान स्थानीय एवं भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में लोगों से गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने, अनावश्यक विदेश यात्राएं कम करने और विदेशों में शादियां आयोजित करने से परहेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
स्वदेशी और लोकल उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील
पीएम मोदी ने कहा कि खरीदारी करते समय स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देना चाहिए। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को दोहराते हुए कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी अस्थिरता के बीच देशवासियों से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।
आत्मनिर्भर भारत से बनेगा विकसित भारत
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यदि देश आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ता रहा तो आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत जरूरी है। सही नीतियों, साफ नीयत और 140 करोड़ देशवासियों की एकजुट शक्ति से भारत लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
मई में भी की थी ऐसी अपील
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले मई में भी वैश्विक युद्ध और सप्लाई चेन में आई रुकावटों, बढ़ती कीमतों तथा अंतरराष्ट्रीय अनिश्चितताओं के मद्देनजर नागरिकों से सामूहिक भागीदारी की अपील कर चुके हैं।
उन्होंने लोगों से जहां संभव हो वर्क फ्रॉम होम करने, पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की अपील की थी।
साथ ही अनावश्यक विदेश यात्राओं, विदेशों में होने वाली शादियों और गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने का सुझाव दिया गया था। पीएम मोदी ने लोगों से अधिक से अधिक ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को अपनाने की भी अपील की।



