Governmentछत्तीसगढ़प्रशासनिकवायरल खबरें

नवा रायपुर में ई-बस संचालन की तैयारी तेज, रायगढ़-जांजगीर की सड़क परियोजनाओं पर चर्चा

रायपुर, 19 अगस्त 2026 मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में परियोजना निर्माण एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवा रायपुर अटल विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।

नवा रायपुर में ई-बसों के संचालन की तैयारी

बैठक में नवा रायपुर में कंप्लायंट बैटरी ऑपरेटेड मोटर एसी ई-बसों के डिजाइन, प्रोक्योरमेंट, सप्लाई, संचालन और संधारण के लिए ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। समिति ने परियोजना के तकनीकी और क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण के कार्यालय सहित अन्य कार्यालय भवनों के निर्माण संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने भवन निर्माण की आवश्यकता और परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी समिति के समक्ष रखी।

रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन पर चर्चा

लोक निर्माण विभाग की ओर से रायगढ़ जिले में रायगढ़-पूंजीपथरा-घरघोड़ा फोरलेन मार्ग के निर्माण प्रस्ताव की भी समीक्षा की गई। करीब 37 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से संबंधित तकनीकी पहलुओं पर चर्चा करते हुए प्रभावित भूमि के अर्जन, भूमि व्यपवर्तन और निर्माण कार्य की तैयारियों की जानकारी समिति को दी गई।

अकलतरा बायपास का प्रस्ताव भी चर्चा में

जांजगीर-चांपा जिले में करीब 6.70 किलोमीटर लंबे अकलतरा बायपास मार्ग के निर्माण प्रस्ताव पर भी विस्तार से विचार किया गया। बैठक में परियोजना के तकनीकी और निर्माण संबंधी पहलुओं की समीक्षा करते हुए आगे की आवश्यक प्रक्रिया पर चर्चा की गई।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव भूवनेश यादव, ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर, एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित लोक निर्माण, वित्त एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button