राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर पहुंचीं, 23 अक्टूबर को मुरिया दरबार में होंगी शामिल

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर गुरुवार को रायपुर पहुंचीं। स्वामी विवेकानंद विमानतल, माना में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्यपाल रमेन डेका ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल, ओपी चौधरी, श्याम बिहारी जायसवाल और सांसद विजय बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
राष्ट्रपति के दौरे का प्रमुख कार्यक्रम 23 अक्टूबर को जगदलपुर में आयोजित बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक मुरिया दरबार में उनकी सहभागिता है। इस दौरान वे मांझी-चालकी समाज के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगी। राष्ट्रपति मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना भी करेंगी और लालबाग मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगी।
लोकभवन में स्मारक सिक्का करेंगी जारी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रायपुर स्थित लोकभवन में माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके बाद शाम चार बजे बूढ़ातालाब स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित सेवा सम्मान पर्व एवं युवा प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां वे ओडिशा समाज के लोगों को संबोधित करेंगी और सम्मानित करेंगी।
बस्तर दशहरा में राष्ट्रपति की सहभागिता गौरव का अवसर: सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि ऐतिहासिक बस्तर दशहरा एवं मुरिया दरबार में उनकी गरिमामयी उपस्थिति छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है। इससे प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को नई पहचान मिलेगी तथा विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।
राष्ट्रपति से बस्तर आने का किया था आग्रह: विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि पहले राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के आदिवासी प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। उस दौरान प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति से बस्तर आने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि अब राष्ट्रपति मुरिया दरबार में शामिल होकर मांझी-चालकी समाज के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी राष्ट्रपति के आगमन पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का छत्तीसगढ़ दौरा प्रदेश के लिए सौभाग्य की बात है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए रायपुर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दो हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। एयरपोर्ट से लोकभवन और इंडोर स्टेडियम तक आवागमन के दौरान जरूरत के अनुसार यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है।
जगदलपुर में भी राष्ट्रपति के कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान पहुंचकर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात और आम नागरिकों की सुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।



