Raipur Triple Murder: देर रात विवाद के बाद पति ने उठाया खौफनाक कदम, पत्नी और दो बच्चों की हत्या

रायपुर। राजधानी रायपुर के डुमरतराई स्थित साहू पारा में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक पति ने चरित्र शंका को लेकर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में पत्नी समेत दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या की कोशिश की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना माना थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, साहू पारा में किराए के मकान में रहने वाले बालोद निवासी भुनेश्वर साहू का देर रात पत्नी से विवाद हुआ। इसी दौरान उसने अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू और दोनों बच्चों आशीष साहू (10) तथा ज्ञान साहू (8) पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद खुद पर किया हमला
पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू मार लिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और गंभीर हालत में उपचार के लिए अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है। मामले में पुलिस घटना के कारणों और विवाद की परिस्थितियों की जांच कर रही है।



