छत्तीसगढ़वायरल खबरें

7 महीने में दूसरा हादसा: SISCOL प्लांट में क्रेन से गिरी प्लेट, मजदूर की मौत

रायपुर। दुर्ग जिले के भिलाई स्थित हथखोज औद्योगिक क्षेत्र के सिसकोल (SISCOL) प्लांट में बुधवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। क्रेन से भारी लोहे की प्लेट (जॉब) गिरने से 40 वर्षीय मजदूर राजेश निर्मलकर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। आक्रोशित मजदूरों और परिजनों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

राजेश निर्मलकर धमधा का रहने वाला था और SISCOL की यूनिट-3 में क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह प्लांट के भीतर क्रेन की मदद से भारी लोहे की प्लेट को उठाकर ले जा रहा था। इसी दौरान प्लेट अचानक फिसलकर उसके ऊपर जा गिरी। भारी वजन के नीचे दबने से राजेश की मौके पर ही मौत हो गई।

7 महीने में दूसरा बड़ा हादसा

SISCOL प्लांट में यह करीब 7 महीने के भीतर दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले भी क्रेन से लोहे की प्लेट गिरने की घटना में 35 वर्षीय क्रेन ऑपरेटर लेखूराम कौशल की मौत हो गई थी। लगातार दूसरी घटना सामने आने के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और भारी मशीनरी के रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मजदूरों ने किया प्रदर्शन

हादसे की जानकारी मिलते ही साथी मजदूर और मृतक के परिजन फैक्ट्री परिसर में पहुंच गए। उन्होंने प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सुरक्षा मानकों के पालन की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्लांट में क्रेन और अन्य भारी उपकरणों की नियमित तकनीकी जांच नहीं की जाती, जिससे कर्मचारियों की जान जोखिम में रहती है।

मजदूरों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया गया है। पुलिस हादसे की तकनीकी और मानवीय दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खराबी, क्रेन संचालन में चूक या किसी अन्य कारण से हुआ।

लगातार दो हादसों के बाद अब प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और भारी मशीनरी की फिटनेस को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच की मांग भी उठ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button