
रायपुर। छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की पिछली कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम लिए बिना ‘कका’ कहकर हमला बोला। शिवराज ने आरोप लगाया कि “कका और कांग्रेस ने मिलकर छत्तीसगढ़ को तबाह कर दिया था।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद छत्तीसगढ़ में विकास की रफ्तार तेज हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश में 3 लाख 65 हजार से अधिक मकानों को स्वीकृति दी गई है।
शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में रोजाना करीब 1600 मकानों का निर्माण पूरा हो रहा है। उन्होंने ग्रामीण विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के साथ ही सड़क निर्माण के लिए दी गई मंजूरियों की भी जानकारी दी।
वंदे मातरम् के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
कर्नाटक में वंदे मातरम् के दो पद गाए जाने के मुद्दे पर भी शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कर्नाटक सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे भारत माता का अपमान बताया और कांग्रेस पर राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय भावनाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर हमला बोला।
BRICS पर कांग्रेस के सवालों का पलटवार
BRICS सम्मेलन को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर भी केंद्रीय मंत्री ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जब दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ता है, तो कांग्रेस के पेट में दर्द होता है।
मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 साल की सार्वजनिक सेवा यात्रा का जिक्र करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनके नेतृत्व में देश का स्वाभिमान बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर है।



