कोरबा में हैरान करने वाली घटना: रील देखते वक्त नेटवर्क गया तो महिला ने पी लिया जहर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव में सोशल मीडिया पर रील देखते समय मोबाइल नेटवर्क बंद होने से नाराज 52 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल नेटवर्क को लेकर हुई नाराजगी
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान मंगलो बाई (52) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उन्हें मोबाइल पर सोशल मीडिया देखना पसंद था और वह अपने रिश्तेदारों की पोस्ट और रील देखती थीं। घटना के दिन भी वह मोबाइल पर रील देख रही थीं। इसी दौरान नेटवर्क बंद हो गया, जिससे वह काफी नाराज हो गईं।

बताया गया कि मोबाइल पहले से क्षतिग्रस्त था और नेटवर्क की समस्या के कारण उनकी नाराजगी और बढ़ गई। कुछ समय बाद उन्होंने घर में रखा जहरीला पदार्थ पी लिया।
बेटी ने मां को दर्द से तड़पते देखा
जहर का सेवन करने के बाद मंगलो बाई की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। घर में मौजूद उनकी 17 वर्षीय बेटी ने मां को गंभीर हालत में देखा। वह दर्द से तड़प रही थीं। बेटी ने तत्काल शोर मचाकर परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजन महिला को आनन-फानन में करतला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने महिला का उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा रेफर कर दिया गया। यहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था।
हालांकि, उपचार के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और सोमवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पति और तीन बच्चों के साथ रहती थीं
मंगलो बाई अपने पति, 22 वर्षीय बेटे और 17 वर्षीय बेटी के साथ रहती थीं। उनका एक बड़ा बेटा अपनी पत्नी के साथ कोरबा शहर में रहता है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच
महिला की मौत के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



